Advertisement

Uttar Pradesh: पत्नी ने बनाई सोयाबीन की सब्ज़ी, तो पति का फूट पड़ा गुस्सा.. रच डाली हत्या की पूरी साजिश

यूपी के सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थानाक्षेत्र में एक पति ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की हत्या महज इसलिए कर दी, क्योंकि उसकी पत्नी ने सोयाबीन की सब्जी बनाई थी.

gnttv.com
  • सिद्धार्थनगर,
  • 24 नवंबर 2025,
  • अपडेटेड 10:52 AM IST

बच्चों को कोई सब्जी पसंद नहीं आती, यह एक आम बात है. किसी व्यस्क को भी कोई सब्जी पसंद न आए, तो इसमें भी कोई हैरत की बात नहीं. लेकिन कोई किसी की हत्या केवल इस बात पर कर दें, कि घर में वो सब्ज़ी बनी है जो दूसरे शख्स को पसंद नहीं, यह बात सोचने पर मजबूर कर देती है. कैसे कोई इंसान केवल इतनी सी बात पर किसी की जान लेने के लिए तैयार हो जाता है, वह भी किसी गैर कि नहीं बल्कि अपनी खुद की पत्नी की.

दरअसल एक ऐसा ही मामला यूपी के सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थानाक्षेत्र से सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की हत्या महज इसलिए कर दी, क्योंकि उसकी पत्नी ने सोयाबीन की सब्जी बनाई थी. अब यह सब्जी पति को इतनी नागवार गुजरी की उसने पत्नी को ही मौत के घाट उतार दिया. 

क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतिका के पति कमरुद्दीन को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. पूरे मामले की बात करें तो 21 नवंबर की शाम आठ बजे चिल्हिया थानाक्षेत्र के बोकनार गांव मे 32 वर्षीय महिला हाजरा की हत्या की खबर उसका पति कमरुद्दीन गांव वालों को बताता है. जिसके बाद ग्रामीण पुलिस को सूचना देते हैं. मौके पर पहुंची पुलिस टीम शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज देती है और पति की तहरीर पर धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्जकर जांच मे जुट गई. घटना के खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी व सर्विलांस की टीम जांच मे जुट जाती है. 

क्या सामने आया जांच में?
जांच मे पता चला कि दोनों गांव से बाहर घर बनाकर रह रहे थे. उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी. लेकिन पत्नी के बच्चे नहीं हो रहे थे जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. इस जानकारी के बाद पुलिस टीम मृतिका के पति को पकड़कर पूछताछ करती है. जिसमे वह टूट जाता है और बताता कि वह 21 नवंबर की शाम आटा पिसवाने चक्की गया था. लौटकर घर आने पर जब पूछा कि खाना क्या बनाया है, तो पत्नी ने जवाब में सोयाबीन की सब्जी बताई. जबकि युवक को सोयाबीन की सब्जी पसंद नहीं थी. 

इस बात को सुनते ही युवक गुस्से में आ गया और पत्नी को धक्का दे दिया जिससे वह गिर गई. उसके बाद पास में पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर पर कई वार किए. जिससे वह बेसुध हो गई. बाद में जब पति ने उसे हिला डुलाकर देखा तो उसकी सांसे थम चुकी थी. जिसके बाद उसने शव को चारपाई से उठाकर जमीन पर रखा और गांव जाकर लोगों को बताया कि उसकी पत्नी की किसी ने हत्या कर दी है. पुलिस ने अभियुक्त पति की निशानदेही पर आला कत्ल व खून से सने उसके कपड़े बरामद कर लिए है. जिसके बाद अब युवक को  जेल भेज दिया गया है.

- अनिल तिवारी की रिपोर्ट

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement