आज के समय में फ्रिज हर घर की जरूरत बन चुका है. यह न केवल खाने-पीने की चीजों को लंबे समय तक सुरक्षित रखता है, बल्कि गर्मियों में ठंडा पानी और फ्रूट्स को भी ताजगी देता है. अक्सर घर में यह 24 घंटे चलता है. लेकिन जब हम 2-4 दिन के लिए घर से बाहर जाने की सोचते हैं, तो एक आम सवाल सामने आता है, क्या फ्रिज को चालू छोड़ना चाहिए या बंद कर देना बेहतर है? क्योंकि अगर ऑन छोड़कर जाएंगे तो बिजली की तो लगातार खपत होती ही रहेगी.
अगर आप सिर्फ 2-4 दिन के लिए घर से बाहर जा रहे हैं, तो फ्रिज को बंद करने की जरूरत नहीं होती. खासतौर पर तब, जब उसमें दूध, फल, सब्जियां या अन्य जल्दी खराब होने वाली चीजें रखी हों. फ्रिज चालू रहने से ये सभी सामान सुरक्षित रहते हैं और वापस आने पर चीज़े खराब मिलने का खतरा नहीं रहता है.
लगातार ऑन-ऑफ करने से होता है नुकसान
फ्रिज को ऑन-ऑफ करते रहने से उसके कंप्रेसर पर दबाव पड़ता है. इससे उसकी पावर पर काफी गहरा प्रभाव पड़ता है. इसलिए कम समय के लिए बाहर जाने पर फ्रिज को चालू ही रखना बेहतर माना जाता है. आजकल के मॉडर्न फ्रिज बिजली की खपत भी कम करते हैं, जिससे 2-4 दिन तक ऑन रखने पर भी बिजली ज्यादा खर्च नहीं होती.
फ्रिज बंद करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
अगर आपका फ्रिज लगभग खाली है और उसमें कोई जल्दी खराब होने वाली चीज नहीं रखी है, तो आप इसे स्विच ऑफ कर सकते हैं. लेकिन ऐसा करने से पहले जरूरी है कि आप फ्रिज के अंदर रखी सभी चीजें बाहर निकाल लें. जिसके बाद फ्रिज और सभी चीज़ों को अच्छी तरह साफ कर लें. खासकर ट्रे व शेल्फ को सूखा रखें, ताकि बदबू या फंगस न बने.
फ्रिज के सही इस्तेमाल के जरूरी टिप्स
फ्रिज का सही तरीके से इस्तेमाल करने से वह लंबे समय तक ठीक तरीके से चलता रहता है. लेकिन ध्यान रखें कि कभी भी कोई गर्म खाना सीधे फ्रिज में न रखें, पहले उसे ठंडा होने दें. फ्रिज को जरूरत से ज्यादा भरने से बचें, क्योंकि इससे ठंडी हवा का सही तरह से सर्कुलेशन नहीं हो पाता है.