Advertisement

शादी में खा रहा था रसगुल्ला...गले में फंस गया...शादी की खुशियां मातम में बदली, हुई मौत

मलियंता गांव निवासी 41 वर्षीय ललित सिंह शुक्रवार देर रात गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. करीब एक बजे रात में भोज चल रहा था और मेहमान खाना खा रहे थे. इसी दौरान ललित सिंह ने रसगुल्ला खाया, लेकिन वह अचानक उनके गले में फंस गया.

ललित सिंह
gnttv.com
  • जमशेदपुर ,
  • 16 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:29 AM IST
  • रसगुल्ला खाते ही थम गई सांसें
  • शादी की खुशियां मातम में बदली

झारखंड के जमशेदपुर के बेलाजुड़ी पंचायत के मलियंता गांव में शादी समारोह के दौरान ऐसा हादसा हुआ जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. भोज के दौरान रसगुल्ला गले में फंस जाने से 41 साल के ललित सिंह की मौत हो गई. अचानक हुई इस घटना से शादी में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

शादी में शामिल होने गए थे
जानकारी के अनुसार, मलियंता गांव निवासी 41 वर्षीय ललित सिंह शुक्रवार देर रात गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. करीब एक बजे रात में भोज चल रहा था और मेहमान खाना खा रहे थे. इसी दौरान ललित सिंह ने रसगुल्ला खाया, लेकिन वह अचानक उनके गले में फंस गया. रसगुल्ला गले में फंसते ही उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी. देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ने लगी. आसपास मौजूद लोगों ने उनकी मदद करने की कोशिश शुरू कर दी.

मौके पर लोगों ने बचाने की कोशिश की
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उनके गले से रसगुल्ला निकालने की कोशिश की. कई लोगों ने प्राथमिक स्तर पर मदद करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी. स्थिति गंभीर होती देख परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने का फैसला किया. इसके बाद उन्हें जल्दबाजी में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, ताकि समय रहते इलाज मिल सके.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
एमजीएम अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, गले में रसगुल्ला फंस जाने के कारण उनकी सांस की नली बंद हो गई थी. इससे शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
शनिवार को अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिवार के लोग इस अचानक हुई घटना से गहरे सदमे में हैं. ललित सिंह मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में उनकी अच्छी पहचान थी. उनकी मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया.

शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
जिस शादी समारोह में देर रात तक खुशियां और जश्न का माहौल था, वही माहौल इस घटना के बाद गम में बदल गया. लोग स्तब्ध रह गए कि एक छोटी सी घटना इतनी बड़ी त्रासदी बन जाएगी.

रिपोर्ट- अनूप सिन्हा

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement