Traffic Police Rules: पुलिस निकाल रही वाहन की चाबी, तो खड़े रहें शांति से और बनाएं वीडियो.. चालान भरने पर न मिले रसीद, तो क्या करें?

अक्सर हम फोन पर रील्स में देखते हैं कि कैसे पुलिस जबरन वाहन की चाबी निकालती है. लेकिन सवाल हैं कि क्या आखिर वाकई में पुलिस के पास अधिकार होता है कि वह आपके वाहन की जबरन चाबी निकाल सके. साथ ही कौन अधिकारी आपका चालान काट सकता है.

Traffic Police (AI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:52 PM IST

सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक पुलिस द्वारा चेकिंग करना एक आम बात है. ट्रैफिक नियमों का पालन हो और सुरक्षा बनी रहे, इसलिए पुलिस समय-समय जांच करती है. अक्सर कई वाहन चालकों की शिकायत होती है कि चेकिंग के दौरान पुलिस वाले उनकी गाड़ी की चाबी निकाल लेते हैं या फिर वाहन को साइड लगाने के लिए प्रेशर बनाते हैं. ऐसे में इस बात की जानकारी होना जरूरी हो जाता है कि कानून इस बारे में क्या कहता है और वाहन चालकों के अधिकार क्या हैं.

क्या ट्रैफिक पुलिस निकाल सकती है चाबी?

बहुत कम लोग जानते हैं कि मोटर वाहन कानून के तहत ट्रैफिक पुलिस को किसी वाहन की चाबी निकालने का अधिकार नहीं दिया गया है. यदि किसी वाहन चालक ने नियमों का उल्लंघन किया है, तो पुलिस उसे रोक सकती है और कानूनी कार्रवाई कर सकती है, लेकिन वाहन की चाबी जबरन निकालना कानून में कहीं भी लिखा हुआ नहीं है.

लेकिन फिर भी अगर किसी स्थिति में कोई पुलिसकर्मी ऐसा करता है, तो वाहन चालक शांत रहते हुए पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है और जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज करा सकता है.

कौन काट सकता है आपका चालान?

ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर कोई भी ट्रैफिक पुलिसकर्मी आपका चालान नहीं काट सकता. आमतौर पर एएसआई, एसआई और इंसपेक्टर लेवल के अधिकारियों को ही चालान काटने का अधिकार होता है. ट्रैफिक कांस्टेबल केवल इस पूरी प्रक्रिया में अधिकारियों की मदद कर सकते हैं. इसलिए यदि कोई अधिकारी चालान जारी कर रहा है, तो उसकी पहचान और पद की जानकारी जानना आपका अधिकार है.

चालान के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

जब भी ट्रैफिक पुलिस चालान जारी करे, तो इस बात का ध्यान रखें कि अधिकारी के पास चालान बुक या ई-चालान मशीन मौजूद हो. चालान जारी करने का यह ऑफिशियल तरीका है. यदि आप मौके पर ही चालान भरते है तो उसकी रसीद लेना न भूलें. रसीद के बिना किसी भी प्रकार का चालान भुगतान करने से बचना चाहिए.

वाहन टो करने से जुड़े नियम

अगर आप अपने वाहन में बैठे हुए हैं और वाहन गलत स्थान पर खड़ा है, तो नॉर्मल सिचुएशन में पुलिस तुरंत वाहन को टो नहीं कर सकती. लेकिन ट्रैफिक ब्लॉक होने की स्थिति में अलग नियम होता है.

 

Read more!

RECOMMENDED