Advertisement

धर्म

जन्माष्टमी से पहले रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया दिल्ली का इस्कॉन मंदिर, शुक्रवार को होगा भव्य आयोजन

आशुतोष कुमार
  • नई दिल्ली ,
  • 03 सितंबर 2026,
  • Updated 10:57 AM IST
1/5

दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. जन्माष्टमी से पहले मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और भगवान कृष्ण की अलग-अलग लीलाओं को दर्शाती लाइटिंग से सजाया गया है. रात होते ही पूरा मंदिर रोशनी से जगमगा उठता है. सजावट देखने के लिए अभी से बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंच रहे हैं.

2/5

इस्कॉन मंदिर में हर साल जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया जाता है. इस बार भी करीब एक-दो महीने पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं. मंदिर परिसर को खूबसूरत तरीके से सजाया गया है. रंगीन लाइटों के जरिए भगवान कृष्ण की विभिन्न लीलाओं को दिखाया गया है, जिससे मंदिर का नजारा बेहद आकर्षक नजर आ रहा है. बुधवार देर शाम मंदिर की सजावट देखने पहुंचे भक्तों ने भी तैयारियों की तारीफ की.

3/5

भक्तों का कहना है कि इस्कॉन मंदिर में आकर मन को शांति मिलती है. जन्माष्टमी के मौके पर यहां होने वाले भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए वे हर साल पहुंचते हैं. कई भक्त जन्माष्टमी से पहले ही मंदिर की सजावट देखने के लिए आ रहे हैं. मंदिर की रोशनी और सजावट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

4/5

शुक्रवार को यहां भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा. इसके लिए मंदिर में सुरक्षा, सजावट और भक्तों की भीड़ को देखते हुए तमाम तैयारियां की गई हैं. जन्माष्टमी के दिन मंदिर सुबह 4 बजे भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा. इसके बाद पूरे दिन भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़े कार्यक्रम होंगे और आधी रात के बाद करीब 12 से 1 बजे तक भक्तों के लिए मंदिर खुला रहेगा.
 

5/5

हर साल जन्माष्टमी के मौके पर इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. लाखों भक्त भगवान कृष्ण के दर्शन और जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए यहां आते हैं. इस बार भी बड़ी भीड़ जुटने की उम्मीद है. जन्माष्टमी से पहले ही मंदिर की भव्य सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है और शुक्रवार को होने वाले मुख्य आयोजन को लेकर भक्तों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है.

Advertisement
Advertisement