Advertisement

Kanwar Yatra 2026: मेरठ में ड्रोन कैमरों से की गई कांवड़ मार्ग की निगरानी, CM योगी के दौरे से पहले अलर्ट पर प्रशासन

मेरठ में कांवड़ यात्रा-2026 के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है. कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाएं बढ़ाई गई हैं. CM योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन भी हाई अलर्ट पर है.

मेरठ कांवड़ यात्रा
उस्मान चौधरी
  • मेरठ ,
  • 06 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:12 PM IST

मेरठ में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है. गुरुवार को मोदीपुरम चौकी से रुड़की रोड स्थित कांवड़ मार्ग का ड्रोन कैमरे के जरिए निरीक्षण किया गया. इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और कांवड़ियों की आवाजाही का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रहे. गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने मोदीपुरम चौकी से रुड़की रोड स्थित कांवड़ मार्ग का ड्रोन कैमरे की मदद से निरीक्षण किया. ड्रोन के जरिए पूरे रूट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक संचालन की निगरानी की गई. अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश भी जारी किए.

भगवा रंग में रंगा मेरठ-देहरादून हाईवे
श्रावण मास की शिवरात्रि पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे करोड़ों कांवड़िए मेरठ होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कांवड़ मार्गों में शामिल मेरठ इन दिनों आस्था का बड़ा केंद्र बना हुआ है. मेरठ-देहरादून हाईवे पूरी तरह भगवा रंग में रंगा दिखाई दे रहा है. दूर-दूर तक कांवड़ियों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं और 'हर-हर महादेव' तथा 'बम-बम भोले' के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय बना हुआ है.

CM योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं. इसके अलावा चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

इधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित मेरठ दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है. संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर एडीजी मेरठ जोन, एसएसपी मेरठ और अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की. अधिकारियों ने कांवड़ियों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया और संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए.

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क निगरानी बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement