भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. 38 साल के रहाणे ने 30 जुलाई 2026 को इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर फैंस को यह जानकारी दी. आपको मालूम हो कि अजिंक्य रहाणे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे, लेकिन अब वो इस टी-20 लीग में भी नहीं खेलेंगे. रहाणे ने कहा कि वह अब क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं. वह आईपीएल भी नहीं खेलेंगे. आपको मालूम हो कि अजिंक्य रहाणे ने साल 2011 में भारत के लिए डेब्यू किया था. उन्होंने 2007 में मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था. वह पिछले कुछ सालों से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे. उन्होंने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था.
अजिंक्य रहाणे ने वीडियो में क्या कहा
अजिंक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो के कैप्शन में लिखा- कैप नंबर 278 अब विदा ले रहा है. इतने सालों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद. मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा. वीडियो में अजिंक्य रहाणे ने कहा, जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत होती है और उसका अंत भी, जब सही समय आता है, तो हमें बस उसका सम्मान करते हुए आगे बढ़ना होता है. मैंने अपनी बैटिंग में हमेशा टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसके महत्व को समझा है. आज मुझे लगता है कि आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ ही क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा करने का सही समय आ गया है. इस संदेश के साथ उन्होंने अपने प्रशंसकों, साथियों, कोचों और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.
इतने मैचों में की कप्तानी
अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारतीय टीम की कप्तानी की. कप्तानी में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. रहाणे की कप्तानी में भारत को टेस्ट क्रिकेट में एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा. अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें से 4 में जीत हासिल की और 2 ड्रा रहे. अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारत ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीती थी. वनडे इंटरनेशनल मैच में रहाणे ने तीन मैचों में कप्तानी की और तीनों में भारत को जीत दिलाई. अजिंक्य रहाणे ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दो मुकाबलों में भारतीय टीम की अगुवाई की, जिसमें भारत ने एक मैच जीता और एक में हार का सामना करना पड़ा.
अजिंक्य रहाणे का ऐसा रहा क्रिकेट करियर
अजिंक्य रहाणे ने 2011 में वनडे और टी20 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने साल 2013 में पहला टेस्ट खेला था. अजिंक्य रहाणे ने जुलाई 2023 में आखिरी टेस्ट खेला था. वनडे की बात करें तो राहणे 2018 के बाद से टीम में जगह नहीं बना पाए. टी-20 इंटरनेशनल में वह 2016 से बाहर चल रहे थे. अजिंक्य रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने तीनों प्रारूपों को मिलाकर 35.95 की औसत 8414 रन बनाए. अजिंक्य रहाणे ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में 15 शतक और 51 अर्धशतक लगाए हैं. टेस्ट में उन्होंने 12 और वनडे में 3 शतक लगाए हैं. अजिंक्य रहाणे ने टेस्ट में 5077 रन, वनडे में 2962 रन और टी-20 इंटरनेशनल मैच में 375 रन बनाए हैं. अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया है. रहाणे ने 212 आईपीएल मैचों में 30.15 की औसत से 5367 रन बनाए हैं. उन्होंने आईपीएल में 2 शतक और 35 अर्धशतक लगाए हैं. अजिंक्य रहाणे ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट के 205 मैचों में 42 शतक की मदद से 14209 रन बनाए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में 192 मैचों में उन्होंने 6853 रन बनाए हैं.
अजिंक्य रहाणे का टेस्ट करियर
रहाणे का वनडे में करियर
रहाणे का टी-20 इंटरनेशनल करियर