तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित 41वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में राजस्थान के अलवर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. प्रतियोगिता में अलवर के अभिषेक नरूका और खुशबू यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया. दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए साबित किया कि मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है. 23 से 27 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.
100 मीटर दौड़ में अभिषेक ने जीता कांस्य
चैंपियनशिप में अभिषेक नरूका ने अंडर-18 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अपने नाम किया. कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक जीतना उनकी मेहनत और खेल के प्रति लगन को दिखाता है. अभिषेक की इस उपलब्धि से अलवर जिले में खुशी का माहौल है.
खुशबू यादव ने पैदल चाल में दिखाया दम
वहीं, खुशबू यादव ने अंडर-20 वर्ग की 5 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया. उनकी इस उपलब्धि ने अलवर की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है. दोनों खिलाड़ियों की सफलता से दूसरे युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी.
अलवर के आठ खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अलवर जिले के कुल आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया. इनमें चार बालक और चार बालिकाएं शामिल थीं. बालक वर्ग में अभिषेक नरूका, ग्रंथ मलावत, दीपेश और रॉबिन ने हिस्सा लिया. वहीं, बालिका वर्ग में खुशबू यादव, चेतन यादव, नव्या और प्रियंका यादव ने अपनी प्रतिभा दिखाई.
पदक विजेताओं का होगा सम्मान
जिला एथलेटिक्स संघ अलवर के सचिव धारा यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का पदक जीतना गर्व की बात है. खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और लगन से राजस्थान के साथ अलवर का नाम रोशन किया है. उन्होंने बताया कि अलवर लौटने पर पदक विजेताओं सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का स्वागत और सम्मान किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: