IPL 2026 SRH vs DC: होम ग्राउंड में हैदराबाद ने लहराया परचम.. अभिषेक की विस्फोटक पारी पड़ी दिल्ली पर भारी, 47 रन से देखा हार का मुंह

पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने धमाकेदार प्रदर्शन किया. टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 135 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत हैदराबाद ने 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

IPL 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 21 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:51 PM IST

मंगलवार को IPL 2026 का 31वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया. यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में हुआ, जहां दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया.

पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने धमाकेदार प्रदर्शन किया. टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 135 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत हैदराबाद ने 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और पूरे 20 ओवर खेलने के बाद 9 विकेट खोकर सिर्फ 195 रन ही बना सकी. इस तरह हैदराबाद ने मुकाबला 47 रनों से अपने नाम कर लिया.

मलिंगा पड़े सबपर भारी

243 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने तीसरे ही ओवर में पथुम निसांका के रूप में पहला विकेट गंवा दिया. इसके बाद नीतीश राणा और केएल राहुल ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की और टीम को मैच में बनाए रखा. हालांकि, 10वें ओवर में केएल राहुल 37 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे दिल्ली को झटका लगा.

राहुल के आउट होते ही मुकाबले का रुख बदल गया. ईशान मलिंगा ने लगातार गेंदों पर नीतीश राणा और मिलर को आउट कर दिल्ली को बैक-टू-बैक झटके दिए. इसके बाद स्टब्स ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और ईशान मलिंगा का शिकार बन गए. मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 4 विकेट अपने नाम किए. आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद भी 195 रन तक ही पहुंच सकी और लक्ष्य से काफी दूर रह गई.

SRH का पावरप्ले बिना किसी नुकसान के
पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की टीम की शुरुआत शानदार रही. ओपनिंग करने आए ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. दोनों बल्लेबाजों ने तेज़ रन बटोरे और पावरप्ले के 6 ओवर खत्म होने तक टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 67 रन तक पहुंचा दिया.

अभिषेक ने खेली तूफानी 135 रन की पारी
9वें ओवर में अभिषेक शर्मा ने महज़ 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. हालांकि इसी ओवर में हैदराबाद को पहला झटका लगा, जब ट्रेविस हेड 37 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बन गए. इसके बाद अभिषेक शर्मा ने रुकने का नाम नहीं लिया. उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. अपनी इस बेहतरीन पारी में उन्होंने शुरुआत में ही 8 चौके और 8 छक्के जड़े. 

अभिषेक आखिर तक नाबाद रहे और 68 गेंदों में 135 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे. उनकी इस दमदार पारी के दम पर हैदराबाद ने 2 विकेट खोकर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.

सनराइजर्स हैदराबाद (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा.

दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसांका, केएल राहुल, समीर रिज़वी, नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन, लुंगी एनगिडी.


 

Read more!

RECOMMENDED