आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में आज (8 मार्च) भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं. यह खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शानदार अर्धशतकीय पारियों और शिवम दुबे की तेजतर्रार फिनिशिंग की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का लक्ष्य रखा.
एक विकेट भी नहीं गंवाया पावरप्ले में
भारत की ओर से पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने की. दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही संभलकर खेलते हुए रन गति को तेज रखा. चौथे ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन की गेंदबाजी पर दोनों ने मिलकर 24 रन बटोर लिए, जिससे टीम का स्कोर तेजी से 50 के पार पहुंच गया. अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. पावरप्ले के छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 92 रन था.
अभिषेक के बल्ले से निकले रन
अभिषेक शर्मा आज शानदार लय में दिख रहे थे, लेकिन आठवें ओवर में रचिन रविंद्र ने उन्हें आउट कर भारत को पहला झटका दिया. अभिषेक ने सिर्फ 21 गेंदों में 52 रनों की तेज पारी खेली. इसी दौरान भारत ने 100 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया और रन गति लगातार ऊंची बनी रही.
सैमसन और किशन की शानदार फिफ्टी
अभिषेक के आउट होने के बाद संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभालते हुए बेहतरीन बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने 11वें ओवर में केवल 33 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली. यह इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी रही. वहीं 15वें ओवर में ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. इसी ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया.
एक ओवर में तीन विकेट से लगा करंट
16वें ओवर में न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने शानदार वापसी कराई. उन्होंने एक ही ओवर में तीन बड़े विकेट झटके. पहले संजू सैमसन 46 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ईशान किशन 54 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले आउट हो गए. इस समय भारत का स्कोर 16 ओवर में 204/4 रहा.
भारत ने दिया 256 रन का विशाल स्कोर
मिडल ओवरों में झटकों के बावजूद हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला. हालांकि 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या भी आउट हो गए और टीम का स्कोर 226/5 हो गया. इसके बाद शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जेम्स नीशम की गेंदों पर 24 रन ठोक दिए. दुबे ने केवल 8 गेंदों में 26 रन बनाए. उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 256 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया.