IND vs NZ Final: 1 जीत और विश्व कप की ट्रॉफी भारत के हाथ! सेमीफाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाने के बाद अब फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने की बारी, जानें कीवियों खिलाफ कैसा है इंडिया का रिकॉर्ड, भारतीय टीम बदलेगी इतिहास

T20 World Cup 2026 IND vs NZ Final: टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इंग्लैंड को सेमीफाइनल में धूल चटाने के बाद अब फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने की बारी है. आइए जानते हैं टीम इंडिया का कीवियों खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है. भारत यदि यह फाइनल मुकाबला जीतता है तो इतिहास रच देगा.

Team India (Photo: BCCI)
मिथिलेश कुमार सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 07 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:30 AM IST
  • टी-20 विश्व कप में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा नहीं
  • भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला

IND vs NZ Head To Head T20 World Cup: सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम के खिलाड़ी टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराने के लिए तैयार हैं. यह महामुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इंग्लैंड को सेमीफाइनल में धूल चटाने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों के हौसले बुलंद हैं. अब बस एक जीत से विश्व कप की ट्रॉफी भारत के हाथ में होगी. इस जीत के साथ भारत इतिहास रच देगा. भारत लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा जमा लेगा. टीम इंडिया ऐसा करने वाली पहली टीम बन जाएगी. आइए जानते हैं टीम इंडिया का कीवियों खिलाफ कैसा रिकॉर्ड है.

टी-20 में भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी
टी-20 में ओवरऑल आंकड़े पर गौर करें तो भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2007 में खेला गया था. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 फॉर्मेट में अभी तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें टीम इंडिया ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ 11 मैचों में जीत मिली है. एक मैच टाई पर समाप्त हुआ है. टी-20 प्रारूप में भारत-न्यूजीलैंड की पिछली पांच टक्कर में भारत को 4 मैच में जीत मिली है जबकि न्यूजीलैंड को सिर्फ एक मैच में ही जीत मिल पाई है. अब टीम इंडिया एक बार फिर 8 मार्च को न्यूजीलैंड को हराने के लिए तैयार है. 

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत-न्यूजीलैंड का कैसा है रिकॉर्ड
टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बहुत ही खराब है. भारतीय टीम आज तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन बार टक्कर हुई है और तीनों बार भारत को हार मिली है. ऐसे में टीम इंडिया को 8 मार्च को फाइनल में बहुत ही सतर्क रहना होगा. बैटिंग हो या बॉलिंग या फील्डिंग सभी में उम्दा प्रदर्शन करना होगा. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहली बार मुकाबला साल 2007 में हुआ था. 

न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 190 रन बनाए थे. इसके जवाब में टीम इंडिया 180 रन ही बना सकी थी. इस तरह से कीवियों ने यह मैच 10 रनों से जीत लिया था. इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच आमना-सामना टी20 वर्ल्ड कप 2016 में हुआ था. इस मैच में भी भारत को हार का सामना करना पड़ा था. न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 126 रन बनाए थे. उधर, टीम इंडिया इस छोटे से लक्ष्य को भी प्राप्त नहीं कर सकी. भारतीय टीम 79 रन पर सिमट गई. इस तरह से न्यूजीलैंड ने यह मैच 47 रनों से जीत लिया. तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत और न्यूजीलैंड का मुकाबला हुआ था. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 110 रन बनाए थे. न्यूजीलैंड ने दो विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीत लिया था. अब देखना होगा कि 8 मार्च को टीम इंडिया न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रचेगी या कीवी अपना विनिंग रिकॉर्ड कायम रखेंगे. 

अहमदाबाद में कैसा है रिकॉर्ड
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने इस स्टेडियम में कुल 10 मैच खेले हैं, जिसमें से 7 जीते हैं और 3 हारे हैं. न्यूजीलैंड ने यहां सिर्फ 2 मैच खेले और दोनों में हार मिली है. भारतीय फैंस एक बार फिर न्यूजीलैंड की हार की कामना कर रहे हैं.

टी-20 वर्ल्डकप 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा,

न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फगर्यूसन, जैकब डफी, जेम्स नीशम, काइल जैमीसन, डेवोन कॉनवे. 

 

Read more!

RECOMMENDED