टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत का अभी तक का सफर शानदार रहा है. भारत ने अभी तक दो मैच खेले हैं और दोनों में उसे जीत मिली है. भारतीय टीम यूएसए और नामीबिया को हरा चुकी है. अंक तालिका ग्रुप A में भारत 4 अंकों के साथ टॉप पर है. अब भारत का मुकाबला पाकिस्तान से है. इस महामुकाबले में जहां भारतीय टीम पाकिस्तान को हराने के लिए तैयार हैं, वहीं क्रिकेट प्रेमी भी इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. आइए जानते हैं भारत और पाकिस्तान के बीच मैच कब, कहां व कितने बजे से खेला जाएगा और आप किस चैनल पर लाइव देख सकते हैं. आप यहां यह भी जान सकते हैं कि बारिश से यदि मैच धुला तो किसको फायदा होगा.
कब और कहां खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच 15 फरवरी को दिन रविवार को खेला जाएगा. यह टी-20 विश्व कप 2026 का 27वां मैच होगा. यह मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा.
कितने बजे से शुरू होगा मैच और कहां आप देख सकते हैं लाइव
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच रविवार की शाम को 7:00 बजे से शुरू होगा. टॉस मुकाबला शुरू होने से आधा घंटा पहले 6:30 बजे होगा. भारत-पाकिस्तान मैच को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर लाइव प्रसारण किया जाएगा. भारत बनाम पाकिस्तान मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी. इसके अलावा फ्री में मुकाबले का लाइव प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा.
बारिश से मैच नहीं हुआ तो किसे होगा फायदा
श्रीलंकाई मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दोपहर से लेकर शाम तक गरज-चमक के साथ 50 से 70 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है. भारत-पाकिस्तान मैच के निर्धारित समय शाम 7 बजे से पहले भारी बारिश भी हो सकती है. ऐसे में क्रिकेट प्रेमी जानना चाहते हैं कि यदि बारिश से मैच धुला तो किस टीम को फायदा होगा. आपको मालूम हो कि ICC के टी-20 विश्व कप 2026 के नियमों के मुताबिक ग्रुप स्टेज और सुपर-8 के सभी मैचों के लिए कुल 60 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. ऐसे में यदि मैच 8:30 बजे भी शुरू होगा तो ओवरों में कोई कटौती नहीं होगी लेकिन 60 मिनट खत्म होते ही ओवर कटने की बात शुरू हो जाएगी. यदि बारिश के चलते मैच नहीं हो पाता है तो टीम इंडिया सुपर-8 में पहुंच जाएगी. पाकिस्तानी टीम को भी फायदा होगा और उसकी भी सुपर-8 में एंट्री हो जाएगी.
आपको मालूम हो कि मैच धुलने की वजह से भारत और पाकिस्तान दोनों को एक-एक अंक मिलेगा. ऐसे में दोनों टीमों के तीन मैचों में पांच-पांच अंक हो जाएंगे और वी ग्रुप-ए से सुपर-8 में पहुंच जाएंगी. भारत-पाकिस्तान मैच बाधित होने की स्थिति में अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे. यूएसए और नीदरलैंड्स के पास तीन मैचों में दो-दो अंक हैं. वे अपने बाकी 1-1 मैच जीत भी लें तो चार अंक तक ही पहुंच पाएंगे, जो भारत और पाकिस्तान से कम होंगे. उधर, नामीबिया अपने दोनों मैच हार चुका है और उसके 0 अंक हैं. यदि भारत-पाकिस्तान मुकाबले का नतीजा निकलता है, तो जीतने वाली टीम सीधे सुपर-8 में पहुंच जाएगी. हारने वाली टीम 4 अंकों के साथ अमेरिका और नीदरलैंड्स के बराबर हो जाएगी और क्वालिफिकेशन की लड़ाई आखिरी मैचों तक जाएगी. आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप और सुपर-8 मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. रिजर्व डे सिर्फ सेमीफाइनल और फाइनल के लिए है.
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर.
पाकिस्तान टीम: सलमान आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.