शनिवार (16 मई) को खेले गए IPL 2026 के मैच नंबर-60 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटन्स को 29 रनों से मात दी. यह मैच ईडन गार्डन्स में खेला गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने गुजरात के सामने 248 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन गुजरात की टीम 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ कोलकाता की टीम के पास प्वाइंट टेबल में 11 अंक हो गए.
गुजरात टाइटन्स की पारी का हाल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत काफी तेज रही. साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े. हालांकि सुदर्शन 23 रन बनाकर चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए.
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए निशांत सिंधु सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए. उनका विकेट सुनील नरेन ने लिया. इसके बाद जोस बटलर और शुभमन गिल ने मोर्चा संभालते हुए 128 रनों की बेहतरीन साझेदारी की और गुजरात को मुकाबले में बनाए रखा.
गिल ने खेली विस्फोटक पारी
शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर 85 रन बनाए. उनकी इस विस्फोटक पारी में 7 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. हालांकि बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह सुनील नरेन की गेंद पर बाउंड्री लाइन के पास अनुकूल रॉय को कैच दे बैठे.
गिल के आउट होने के बाद साई सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके. सुदर्शन ने 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.
बटलर ने लगाई फिफ्टी
विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भी तेज अर्धशतक लगाया. बटलर ने 35 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल थे. उनका विकेट तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने लिया. वहीं राहुल तेवतिया सिर्फ 2 रन बनाकर कैमरन ग्रीन का शिकार बने.
कैसे रही केकेआर की बल्लेबाजी?
कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. हालांकि टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे महज 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उन्हें तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बोल्ड किया.
इसके बाद फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 95 रनों की शानदार साझेदारी की. इस दौरान फिन एलन ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन ठोक दिए. उनकी तूफानी पारी में 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. एलन को स्पिनर आर साई किशोर ने आउट कर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा.
एलन के आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन ने गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 108 रन जोड़ते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. रघुवंशी ने 44 गेंदों में 82* रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. वहीं कैमरन ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के लगाए.
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग-11: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी.
गुजरात टाइटन्स की प्लेइंग-11: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर और मोहम्मद सिराज.