IPL 2026, 1st Qualifier, RCB vs GT Highlight: आरसीबी ने किया फाइनल का टिकट अपने नाम, गुजरात को दी करारी शिक्स्त.. टाइटंस हुए ऑलआउट

आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाएं. वहीं 255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स केवल 19.3 ओवर में सिर्फ 162 रन पर ऑलआउट हो गई.

IPL 2026, RCB Won 1st Qualifier
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:03 AM IST

आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की टीम को 92 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. यह मैच मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला के HPCA स्टैडियम में खेला गया. मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह फैसला टीम पर भारी पड़ गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन बनाएं. वहीं 255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स केवल 19.3 ओवर में सिर्फ 162 रन पर ऑलआउट हो गई.

इस जीत के साथ आरसीबी सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. वहीं गुजरात टाइटन्स को अब एक और मौका मिलेगा. टीम अब क्वालिफायर-2 में खेलेगी, जहां उसका सामना एलिमिनेटर मुकाबले के विजेता से होगा. एलिमिनेटर मैच बुधवार (27 मई) को हैदराबाद और राजस्थान की टीम के बीच खेला जाएगा. क्वालिफायर-2 का मुकाबला 29 मई को मुल्लांपुर में आयोजित होगा।

गुजरात ने शुरुआत में ही गंवाए विकेट
गुजरात टाइटंस की रनचेज शुरुआत से ही पूरी तरह लड़खड़ाई हुई नजर आई. टीम ने महज 51 रन के स्कोर तक अपने 5 बड़े विकेट गंवा दिए, जिससे मुकाबला लगभग एकतरफा हो गया. सबसे पहले शुभमन गिल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साई सुदर्शन भी 14 रन से आगे नहीं बढ़ सके. इसके बाद बटलर ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए, लेकिन वह भी 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

गुजरात की हालत उस वक्त और खराब हो गई जब 51 रन के स्कोर पर लगातार विकेट गिरने लगे. निशांत सिंधु 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जेसन होल्डर बिना खाता खोले ही चलते बने. इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए.

टॉप और मिडिल ऑर्डर भी रहा फ्लॉप
टॉप और मिडिल ऑर्डर के फ्लॉप होने के बाद गुजरात का निचला क्रम भी ज्यादा देर टिक नहीं पाया. बल्लेबाज एक के बाद एक तेजी से आउट होते चले गए. हालांकि एक छोर पर राहुल तेवतिया ने जरूर संघर्ष किया और 68 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन आरसीबी के विशाल स्कोर के सामने उनकी कोशिश नाकाफी साबित हुई.

आरसीबी की कैसे रही बल्लेबाजी
RCB ने इस मुकाबले में दमदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया. टीम की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन शुरुआती झटका वेंकटेश अय्यर के रूप में लगा. वेंकटेश ने तेज अंदाज में 19 रन बनाए, लेकिन कग‍िसो रबाडा की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पड‍िक्कल ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 72 रन की अहम साझेदारी की.

कोहली शानदार लय में दिखे और 43 रन बनाए, जबकि पडिक्कल ने 30 रन की तेज पारी खेली. हालांकि दोनों बल्लेबाज एक ही ओवर में जेसन का शिकार बन गए, जिससे आरसीबी पर थोड़ा दबाव बना.

कप्टान ने खेली शानदार पारी
इसके बाद कप्तान रजन पाटीदार और क्रुणाल पंड्या ने मैच का रुख बदल दिया. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रन की शानदार साझेदारी हुई. क्रुणाल ने 43 रन की उपयोगी पारी खेली. उनके आउट होने तक टीम का स्कोर 189/4 पहुंच चुका था. आखिरी ओवरों में टिम डेविड सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन जितेश शर्मा ने आखिर में तूफानी अंदाज दिखाया. उन्होंने सिर्फ 5 गेंदों में 15 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया.

RCB की प्लेइंग-11: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रसिक सलाम डार.

GT की प्लेइंग-11: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

 

Read more!

RECOMMENDED