NZ Vs SL: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कीवी टीम ने श्रीलंका को 61 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. इस जीत के बाद जहां न्यूजीलैंड का सेमीफाइनल लगभग तय माना जा रहा है, वहीं पाकिस्तान की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही. टिम सीफर्ट और फिन एलेन ने पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े. लेकिन इसके बाद श्रीलंका ने जोरदार वापसी की और टीम का स्कोर 75/2 से गिरकर 84/6 हो गया. ऐसे मुश्किल समय में कोल मैककोंची और कप्तान मिशेल सैंटनर ने जिम्मेदारी संभाली. दोनों ने सातवें विकेट के लिए 47 गेंदों में 84 रन की शानदार साझेदारी की. आखिरी पांच ओवरों में इस जोड़ी ने 78 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया. सैंटनर ने 26 गेंदों में 47 रन की तेज पारी खेली, जबकि मैककोंची 31 रन बनाकर नाबाद रहे. न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 168/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. श्रीलंका की ओर से महेश तीक्षणा ने 3 विकेट और दुश्मंता चमीरा ने भी 3 विकेट लिए.
रचिन रवींद्र की घातक गेंदबाजी, श्रीलंका की उम्मीदें खत्म
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही. पाथुम निसांका बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मध्यक्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. रवींद्र ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट लिए और श्रीलंका को 59/6 की मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया. कमिंदु मेंडिस ने 31 रन बनाकर थोड़ी कोशिश की, लेकिन टीम संभल नहीं सकी. पूरी टीम 20 ओवर में 107/8 रन ही बना सकी.
पाकिस्तान के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति
इस जीत के बाद न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के करीब पहुंच गया है. दूसरी ओर पाकिस्तान के लिए स्थिति कठिन हो गई है. अब पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ अपना अंतिम मैच जीतना होगा और साथ ही उसे यह उम्मीद भी करनी होगी कि इंग्लैंड, न्यूजीलैंड को हरा दे। इसके बाद भी नेट रन रेट के आधार पर ही सेमीफाइनल का फैसला हो सकता है.
ये भी पढ़ें: