मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. मैच से पहले मुंबई की स्थिति अंक तालिका में कमजोर थी, जहां टीम 7 मैचों में 2 जीत और 5 हार के साथ 4 अंकों के साथ 9वें स्थान पर थी. दूसरी ओर हैदराबाद लगातार मैच जीतकर शानदार फॉर्म में है और अब मुंबई के खिलाफ 9वें मैच में 6 जीत के साथ 12 अंक अर्जित कर चुकी है.
ट्रैविस हेड और हेनरिक क्लासेन की तूफानी बल्लेबाजी
244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. ट्रैविस हेड ने सिर्फ 30 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने मैच का रुख पूरी तरह हैदराबाद के पक्ष में मोड़ दिया. उन्होंने 30 गेंदों में 65 रन की दमदार पारी खेली और मुंबई के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा.
क्लासेन ने पलटा मैच
जब मुंबई इंडियंस तीन तेज विकेट लेकर मैच में वापसी करती दिख रही थी, तभी हेनरिक क्लासेन ने आक्रामक बल्लेबाजी से मुकाबला फिर हैदराबाद की तरफ मोड़ दिया. बढ़ते रन रेट के बीच उन्होंने मुंबई के सबसे प्रभावी गेंदबाजों पर हमला बोला. एएम गजनफर के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर उन्होंने दबाव कम किया, वहीं आश्वनी कुमार के एक ओवर में चार चौके जड़कर जरूरी रन रेट को 10 के आस-पास ला दिया.
उन्होंने जसप्रीत बुमराह को भी नहीं छोड़ा और एक्स्ट्रा कवर के ऊपर शानदार छक्का जड़ा. गजनफर के खिलाफ अंदर-बाहर का शानदार शॉट खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. शाम का सबसे बेहतरीन शॉट उनका बैकवर्ड पॉइंट के ऊपर खेला गया रिवर्स स्मैक रहा.
नितीश कुमार रेड्डी का विकेट
इस बीच नितीश कुमार रेड्डी 17 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने पवेलियन भेजा. उस समय सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 213/4 था और हेनरिक क्लासेन क्रीज पर मजबूती से डटे हुए थे.आखिरकार हैदराबाद ने 249/4 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया और मुंबई इंडियंस को हार का स्वाद चखा दिया.
ये भी पढ़ें