आईपीएल में अपनी धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत वैभव सूर्यवंशी ने दुनियाभर में सुर्खियां बटोरी है. हर कोई उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की तारीफ कर रहा है. वैभव सूर्यवंशी की फैमिली का एक और सूर्यवंशी क्रिकेट के मैदान पर कमाल कर रहा है. वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में धमाकेदार पारी खेली है. उनकी इस पारी की खूब तारीफ हो रही है. आशीर्वाद ने एक बेहतरीन और धैर्य वाली पारी खेली है.
आशीर्वाद सूर्यवंशी का शतक-
समस्तीपुर में एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में आशीर्वाद ने 87 गेंदों में 103 रन की पारी खेली है. इस दौरान आशीर्वाद ने 20 चौके और एक छक्का लगाया है. उनका स्ट्राइक रेट 118.39 का रहा. आशीर्वाद को प्रशांत राज की गेंद पर आयुष सिंह ने कैच आउट किया. उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत टीम 29.5 ओवर में 234 रन तक पहुंच गई.
10 साल के हैं आशीर्वाद सूर्यवंशी-
वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी 10 साल के हैं. आशीर्वाद ने समस्तीपुर में खेले गए एक लोकल प्रैक्टिस मैच में शतक बनाया. आशीर्वाद दाहिने हाथ से बल्लेबाजी करते हैं. वैभव सूर्यवंशी के भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आशीर्वाद को लेकर ये जानकारी शेयर की. उन्होंने फोटो, वीडियो और स्कोरबोर्ड पोस्ट किया.
पिता ने शेयर की खुशी-
वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी के एक शतक पर खुशी जताई. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लिखा कि मेरे छोटे बेटे आशीर्वाद सूर्यवंशी ने आज प्रैक्टिस मैच में अपना पहला शतक बनाया. आप सभी से अनुरोध है कि आशीर्वाद पर भी अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें.
वैभव ने आईपीएल में जीता है ऑरेंज कैप-
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 से सुर्खियों में आए हैं. उन्होंने इस सीजन में ऑरेंज कैप हासिल किया. वैभव ने आईपीएल के इस सीजन में 776 रन बनाए. इस दौरान वैभव ने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड तोड़ दिया. इस सीजन में वैभव ने एक शतक भी बनाया था. इसके बाद वैभव को इंडिया ए की टीम में चुना गया. इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में भी चुना गया है.
ये भी पढ़ें: