IPL Top-2 Team Benefits: आईपीएल में प्लेऑफ से ज्यादा टॉप-2 की पोजिशन अहम क्यों, जानें क्या मिलता है फायदा?

IPL Top-2 Position: आईपीएल खेलने वाली सभी टीमों का पहला लक्ष्य प्लेऑफ में पहुंचना होता है. इसी के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप-2 में बने रहने की होड़ भी रहती है. आइए जानते हैं क्यों टीमें टॉप-2 में रहने की कोशिश करती हैं और इससे क्या फायदा मिलता है?

IPL 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:40 AM IST

आईपीएल 2026 के हर मैच में रनों का अंबार लग रहा है. अभी तक तीन टीमें टॉप-4 में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, प्लेऑफ के आखिरी पायदान के लिए अभी जंग जारी है. इसी के साथ टॉप-2 में बने रहने की होड़ भी जारी है. अभी तक टॉप 2 स्थान पर किसी भी टीम का नाम तय नहीं हो सका है. मौजूदा समय में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटन्स शीर्ष दो में हैं, लेकिन यह तय नहीं है कि यही दोनों टीमें टॉप 2 में फिनिश करेंगी. आइए जानते हैं क्यों टीमें टॉप-2 में रहने की कोशिश करती हैं और इससे क्या फायदा मिलता है?

ये तीन टीमें पहुंच चुकी हैं प्लेऑफ में 
IPL 2026 के प्लेऑफ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटंस (GT) पहुंच चुकी है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 13 में से 9 मैच जीते हैं और यह टीम 18 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है. गुजरात ने 13 मैचों में से 8 में जीत दर्ज की है. GT 16 अंक के साथ अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है. सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 मैचों में से 8 में जीत दर्ज की है. SRH 16 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है. 

उधर, राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर प्लेऑफ की रेस में बड़ा कदम बढ़ाया है. राजस्थान के 13 मैच में अब 14 प्वाइंट्स हो गए हैं और टीम ने पांचवें स्थान से छलांग लगाकर चौथे स्थान पर एंट्री मार ली है. ऐसे में राजस्थान की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं बढ़ गई है. राजस्थान को अब 23 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी मैच खेलना है. यदि राजस्थान टीम ये मैच जीतती है तो उसके 16 प्वाइंट्स हो जाएंगे और यह टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी क्योंकि बाकी कोई भी टीम इतने प्वाइंट्स तक नहीं पहुंच सकती. यदि राजस्थान टीम यह मैच हारती है तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर करेगी. 

टॉप-2 टीमों को क्या फायदा मिलता है?
आईपील के हर सीजन में टॉप-2 में रहने वाली टीमों को कई फायदे मिलते हैं. इसी के चलते सभी टीमों के बीच टॉप 2 में पहुंचने की होड़ मची रहती हैं. टॉप-2 में रहने वाली टीमों को सबसे पहला फायदा ये मिलता है कि उन्हें फाइनल तक पहुंचने के लिए दो मौके मिलते हैं. अंक तालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्वालीफायर-1 खेलती हैं. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाती है, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं होती. उसे क्वालीफायर-2 के जरिए फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलता है, जहां उनका सामना एलिमिनेटर की विजेता टीम से होता है. उधर, एलिमिनेटर मुकाबला अंक तालिका में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाता है. एलिमिनेटर जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में पहुंचती है, जहां उसका सामना क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम से होता है. इस तरह टॉप-2 में रहने वाली टीमों के पास फाइनल में पहुंचने के दो मौके होते हैं, जबकि तीसरे और चौथे स्थान की टीमों के लिए हर मैच करो या मरो जैसा होता है.

फाइनल की तैयारी के लिए मिलता है अधिक समय
अंक तालिका में टॉप-2 में रहने वाली टीम को एक फायदा यह भी मिलता है कि क्वालीफायर 1 जीतने वाली टीम को ज्यादा समय फाइनल की तैयारी के लिए मिलता है, जबकि हारने वाली टीम उस मैदान पर क्वालीफायर 2 खेलती है, जहां फाइनल होता है. हालांकि इस बार ऐसा नहीं होगा क्योंकि आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के शेड्यूल में कुछ बदलाव किए गए हैं. हारने वाली टीम को एलिमिनेटर वाले मैदान पर ही अपना दूसरा क्वालीफायर मैच खेलना होगा. इस बार आईपीएल के नॉकआउट मुकाबलों के शेड्यूल में बदलाव किए गए हैं. इस बार 26 मई को धर्मशाला में पहला क्वालीफायर खेला जाएगा. इसके बाद 29 मई को मुल्लांपुर में क्वालीफायर-2 होगा. 31 मई को अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. 


 

Read more!

RECOMMENDED