AC Purchase Tip: 1 टन या 1.5 टन.. कौनसा एसी रहेगा बेहतर? किसमें होगी ज्यादा कूलिंग और कम बिजली खपत?

एसी के टन को लेकर लोग काफी कंफ्यूज रहते हैं कि आखिर उन्हें कितने टन का एसी खरीदना चाहिए, क्योंकि हर कोई ज्यादा कूलिंग और कम बिजली खपत चाहता है.

AC Purchase Tip
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:16 PM IST

गर्मियों का मौसम आते ही ठंडी हवा की जरूरत सबसे ज्यादा महसूस होने लगती है, और ऐसे में एयर कंडीशनर हर घर की पहली जरूरत बन जाता है. तेज गर्मी में राहत पाने के लिए सही एसी को चुनना बेहद जरूरी होता है, लेकिन अक्सर लोग सही जानकारी न होने से चलते सही फैसला नहीं ले पाते. इसका नतीजा यह होता है कि या तो कमरा ठीक से ठंडा नहीं हो पाता या फिर बिजली का बिल ज्यादा आने लगता है. ऐसे में जब एसी की खरीदारी की जाएं तो जरूर गौर करें कि वह कितने टन का है. आमतौर पर 1 टन या 1.5 टन का एसी खरीदा जाता है, तो आपको बताते हैं कि कौनसा किस स्थिति में बेहतर होता है.

सही टनेज चुनना क्यों है जरूरी
एसी खरीदते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि कितने टन का एसी लिया जाए. टन का मतलब एसी की कूलिंग क्षमता से होता है. अगर आप अपने कमरे के साइज के हिसाब से सही टन का एसी नहीं चुनते, तो आपको बेहतर कूलिंग नहीं मिलेगी. छोटा एसी बड़े कमरे को ठंडा नहीं कर पाता है. जबकि जरूरत से ज्यादा बड़ा एसी बिजली का खर्चा बढ़ा सकता है.

1 टन एसी की खासियत
1 टन एसी की कूलिंग क्षमता लगभग 12,000 BTU होती है, जो छोटे कमरों के लिए काफी होती है. यह खासतौर पर 100 से 120 वर्ग फीट तक के कमरे के लिए सही ऑप्शन माना जाता है. इस तरह के एसी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिजली की खपत कम करता है, जिससे आपका बिजली बिल भी कंट्रोल में रहता है. साथ ही, आकार में छोटा होने के कारण इसे इंस्टॉल और शिफ्ट करना भी आसान होता है.

1.5 टन एसी क्यों है बेहतर ऑप्शन
अगर आपका कमरा बड़ा है, यानी 150 से 200 वर्ग फीट तक, तो 1.5 टन एसी आपके लिए बेहतर रहेगा. इसकी कूलिंग क्षमता करीब 18,000 BTU होती है, जिससे यह बड़े कमरे को तेजी से ठंडा कर सकता है. लेकिन इसकी बिजली खपत 1 टन एसी से थोड़ी ज्यादा होती है, लेकिन इनवर्टर तकनीक वाले मॉडल इस खपत को काफी हद तक कंट्रोल कर देते हैं.

स्टार रेटिंग का रखें ध्यान
एसी खरीदते समय केवल टन ही नहीं देखें, बल्कि उसकी स्टार रेटिंग भी बेहद महत्वपूर्ण होती है. स्टार रेटिंग यह बताती है कि एसी कितनी बिजली को बचा सकता है. 5-स्टार रेटिंग वाला एसी कम बिजली खर्च करता है, जबकि कम स्टार रेटिंग वाले एसी ज्यादा बिजली खपत करते हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED