गर्मी में कार का इंजन हो रहा है ओवरहीट? जान लें वजह और बचाव के आसान तरीके

Summer Car Care tips: तेज धूप, लंबा ट्रैफिक जाम और लगातार ड्राइविंग की वजह से कार का इंजन जल्दी गर्म हो जाता है. कई बार लोग इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर इंजन ओवरहीट होकर बड़ी खराबी का कारण बन सकता है. इससे इंजन के जरूरी पार्ट्स खराब हो सकते हैं और भारी रिपेयर खर्च भी उठाना पड़ सकता है.

Car Engine Overheating
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 29 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:32 PM IST

भारत में गर्मी का मौसम शुरू होते ही कार ड्राइवर्स की परेशानियां भी बढ़ने लगती हैं. तेज धूप, लंबा ट्रैफिक जाम और लगातार ड्राइविंग की वजह से कार का इंजन जल्दी गर्म हो जाता है. कई बार लोग इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन समय रहते ध्यान न देने पर इंजन ओवरहीट होकर बड़ी खराबी का कारण बन सकता है. इससे इंजन के जरूरी पार्ट्स खराब हो सकते हैं और भारी रिपेयर खर्च भी उठाना पड़ सकता है.

क्यों ओवरहीट हो जाता है कार का इंजन?
गर्मी के मौसम में कार का इंजन कई कारणों से ज्यादा गर्म हो सकता है. सबसे बड़ा कारण कूलेंट की कमी माना जाता है. अगर कूलेंट कम हो जाए या रेडिएटर तक सही तरीके से न पहुंचे, तो इंजन जल्दी गर्म होने लगता है. इसके अलावा खराब थर्मोस्टेट भी ओवरहीटिंग की वजह बन सकता है, क्योंकि यह कूलेंट के फ्लो को कंट्रोल करता है. रेडिएटर फैन खराब होने पर इंजन की गर्मी बाहर नहीं निकल पाती. वहीं इंजन ऑयल कम होने से इंजन के पार्ट्स में घर्षण बढ़ जाता है और तापमान तेजी से बढ़ने लगता है. एक्सपेंशन टैंक खराब होना, वॉटर पंप में दिक्कत आना और रेडिएटर जाम होना भी इंजन ओवरहीटिंग के बड़े कारण हैं.

अगर कार के सामने लगी जाली में धूल या गंदगी फंस जाए और हवा का फ्लो रुक जाए, तब भी इंजन गर्म होने लगता है. भारी सामान के साथ लगातार ट्रैफिक में चलना या पहाड़ी रास्तों पर ड्राइविंग करना इंजन पर अतिरिक्त दबाव डालता है, जिससे ओवरहीटिंग की समस्या बढ़ सकती है.

कैसे पहचानें कि इंजन ओवरहीट हो रहा है?
कार कुछ संकेत देती है, जिससे पता चल जाता है कि इंजन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है. जैसे बोनट का बहुत ज्यादा गर्म होना, डैशबोर्ड पर टेम्परेचर इंडिकेटर दिखना, इंजन से टिक-टिक जैसी आवाज आना या जलने की बदबू महसूस होना. इसके अलावा कार के नीचे से कूलेंट टपकना, बोनट से धुआं या भाप निकलना, गाड़ी की पावर कम होना और लो कूलेंट का संकेत आना भी ओवरहीटिंग के संकेत हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में तुरंत कार रोककर मैकेनिक या सर्विस सेंटर से जांच करानी चाहिए.

इंजन को ओवरहीट होने से कैसे बचाएं?
गर्मी में कोशिश करें कि कार हमेशा छांव में पार्क हो. खिड़कियां थोड़ा खुली रखने से केबिन की गर्म हवा बाहर निकलती रहती है. बहुत ज्यादा AC चलाने से इंजन पर दबाव बढ़ता है, इसलिए जरूरत के हिसाब से AC का इस्तेमाल करें. समय-समय पर AC और रेडिएटर की सर्विस कराते रहें. कूलिंग फैन सही तरीके से काम कर रहा है या नहीं, इसकी जांच भी जरूरी है. बहुत तेज स्पीड में लगातार ड्राइविंग करने से बचें और भारी ट्रैफिक या ज्यादा चढ़ाई वाले रास्तों पर सावधानी बरतें. इन आसान बातों का ध्यान रखकर आप अपनी कार के इंजन को ओवरहीट होने से बचा सकते हैं और बड़ी खराबी के साथ भारी खर्च से भी बच सकते हैं.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED