AC Gas Leakage Reason: हर दो महीने में हो जाती एसी की कूलिंग डाउन.. क्यों बार-बार होती गैस लीक, ऐसे करें परेशानी को दूर

अक्सर लोग यह शिकायत करते हैं कि कुछ ही दिनों में एसी की कूलिंग कम होने लगती है. इसकी एक बड़ी वजह होती है गैस लीकेज. लेकिन जानें क्यों होता है ऐसा बार-बार.

AC Gas Leakage
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:17 PM IST

गर्मी के इस खतरनाक मौसम में एयर कंडीशनर एक लग्ज़री नहीं बल्कि जरूरत बन चुका है. जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे एसी की मांग भी तेजी से बढ़ रही है. लेकिन अक्सर लोग यह शिकायत करते हैं कि कुछ ही दिनों में एसी की कूलिंग कम होने लगती है. इसकी एक बड़ी वजह होती है गैस लीकेज. जो न सिर्फ कूलिंग को को कम करती है बल्कि बिजली के बिल को भी बढ़ा देती है. कई बार हम इसे मशीन की खराबी समझ लेते हैं, जबकि असल में इसके पीछे हमारी लापरवाही और गलत मेंटेनेंस जिम्मेदार होती है.

एसी गैस लीकेज के पीछे तकनीकी वजह कारण
गैस लीकेज होने के कई तकनीकी कारण हो सकते हैं. सबसे आम कारण है कॉपर पाइप में होने वाला जंग, जिसे फॉर्मिकरी करोजन कहा जाता है. यह नमी और गंदगी के कारण होता है, जिससे पाइप में छोटे-छोटे छेद बन जाते हैं और गैस बाहर निकलने लगती है. इसके अलावा, यदि एसी इंस्टॉलेशन के दौरान पाइप की फिटिंग सही तरीके से नहीं की गई हो या जोड़ ढीले हों, तो समय के साथ गैस का रिसाव शुरू हो जाता है. वहीं आउटडोर यूनिट में अधिक कंपन होने से भी पाइप के जोड़ कमजोर पड़ जाते हैं.

छोटी गलतियां हो सकती है बड़ी वजह
कई बार गैस लीकेज की वजह हमारी खुद की लापरवाही होती है. सीजन शुरू होने से पहले एसी की सर्विस न करवाना एक बड़ी गलती है, जिससे धूल और गंदगी जमा होकर पाइप और कॉइल को नुकसान पहुंचाती है. इसके अलावा, सस्ते और अनट्रेंड मैकेनिक से काम करवाना भी नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि वे घटिया क्वालिटी के पार्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. गंदे एयर फिल्टर के कारण इंडोर यूनिट पर बर्फ जम जाती है, जिससे इवेपोरेटर कॉइल पर दबाव बढ़ता है और लीकेज का खतरा बढ़ जाता है.

कैसे पहचानें गैस लीकेज को
अगर आपका एसी पहले की तरह तेजी से ठंडक नहीं दे रहा और कमरे को ठंडा करने में ज्यादा समय ले रहा है, तो यह गैस कम होने का संकेत हो सकता है. इसके अलावा, आउटडोर यूनिट के पास कॉपर पाइप पर बर्फ जमना भी लीकेज की निशानी है. अगर एसी से गैस रिसाव जैसी आवाज आ रही है, तो यह संकेत हो सकता है कि गैस कहीं से बाहर निकल रही है.

समय पर देखभाल से बचें बड़ी परेशानी से
गैस लीकेज से बचने के लिए नियमित मेंटेनेंस बेहद जरूरी है. साल में कम से कम दो बार प्रोफेशनल सर्विस जरूर करवाएं और केमिकल वॉश कराएं. हमेशा अच्छी क्वालिटी के कॉपर पाइप का इस्तेमाल करें ताकि जंग लगने की संभावना कम हो. जब एसी का उपयोग न हो, खासकर सर्दियों में, तो आउटडोर यूनिट को ढककर रखें. साथ ही एसी बंद करने से पहले कुछ मिनट सिर्फ फैन मोड पर चलाएं, ताकि अंदर की नमी सूख जाए और लीकेज का खतरा कम हो सके.

 

Read more!

RECOMMENDED