scorecardresearch

AC Indoor Unit Installation: ऐंवे ही कहीं भी न इंस्टॉल करवाएं एसी, याद रखें ये 4 प्वाइंट.. वरना हो जाएगा..

लोग फीचर वाले एसी तो खरीद लेते हैं, लेकिन सही से इंस्टॉल न होने के चलते एसी फुल पावर के साथ कूलिंग नहीं करता है. ऐसे में इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.

Air Conditioner Installation Air Conditioner Installation

एयर कंडीशनर खरीदते समय लोग उसके फीचर्स, ब्रांड और कीमत पर तो पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन इंस्टॉलेशन के दौरान सबसे अहम पहलू, सही जगह का चयन, अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं. जबकि यह एक छोटी सी गलती आपके एसी की परफॉर्मेंस और उम्र दोनों पर असर डाल सकती है. अगर एसी किसी गलत जगह या गलत दीवार पर लगाया जाता है, तो वह केवल ठीक से कूलिंग नहीं करेगा, बल्कि उसमें तकनीकी खराबियां भी आ सकती हैं.

मजबूत और सूखी दीवार है बेहतर
एसी की इंडोर यूनिट को हमेशा ऐसी दीवार पर लगाना चाहिए जो मजबूत और ठोस हो. इसका कारण यह है कि एसी के चलने के दौरान हल्की वाइब्रेशन होती है, जिसे कमजोर दीवार सहन नहीं कर पाती. इसके अलावा, दीवार का पूरी तरह सूखा होना भी बेहद जरूरी है. अगर दीवार में सीलन है, तो इससे एसी के अंदर लगे सर्किट को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे मशीन जल्दी खराब हो सकती है.

धूप और हीट सोर्स से दूरी बनाए रखें
ऐसी दीवार का चयन करना चाहिए, जिस पर सीधे धूप न पड़ती हो. अगर एसी पर लगातार धूप पड़ती है, तो उसके सेंसर कमरे का सही तापमान मापने में गलती कर सकते हैं. इससे एसी जरूरत से ज्यादा काम करेगा और बिजली की खपत बढ़ जाएगी. इसी तरह, एसी को किचन या किसी अन्य हीट सोर्स के पास लगाना भी सही नहीं है, क्योंकि इससे उसकी कूलिंग एफिशिएंसी प्रभावित होती है.

सही ऊंचाई और लोकेशन का रखें ध्यान
एसी की इंस्टॉलेशन के लिए सही ऊंचाई फर्श से करीब 7 से 8 फीट मानी जाती है. इससे ठंडी हवा पूरे कमरे में समान रूप से फैलती है. साथ ही, एसी को ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां सामने या नीचे कोई बड़ा फर्नीचर न हो, ताकि एयरफ्लो ठीक से हो सके. बेहतर होगा कि एसी उस हिस्से में लगाया जाए जहां घर के लोग ज्यादा समय बिताते हैं, ताकि कूलिंग का ज्यादा फायदा मिल सके.

शोर से बचने के लिए सही जगह चुनें
अक्सर लोग खिड़की के ऊपर या पास एसी लगवा देते हैं, लेकिन यह सही नहीं है. खिड़कियां कंपन के कारण आवाज करने लगती हैं, जिससे अनचाहा शोर पैदा होता है. इसलिए कोशिश करें कि एसी को ऐसी दीवार पर लगाया जाए जहां आसपास कोई ढीली चीज़ न लगी हो.