Advertisement

फोन अपडेट तो कर लिया, लेकिन क्या Restart भी किया? अगर नहीं तो हो सकता है बड़ा नुकसान... जानें इसके पीछे का कारण

जब भी स्मार्टफोन में नया सॉफ्टवेयर अपडेट आता है, और आप उसे इंस्टॉल करते हैं, तो फोन रिस्टार्ट जरूर मांगता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा कि इसके पीछे कि वजह क्या है?

AI Generated Image
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:26 PM IST

स्मार्टफोन का इस्तेमाल आज लगभग हर काम के लिए किया जाता है. ऑनलाइन पेमेंट करने से लेकर वीडियो देखने और ऑफिस का काम करने तक, लोग अपने फोन पर निर्भर रहते हैं. फोन को सही और सुरक्षित तरीके से चलाने के लिए समय-समय पर सॉफ्टवेयर अपडेट करना भी जरूरी है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फोन अपडेट करने के बाद उसे रीस्टार्ट करना भी फायदेमंद होता है? अगर आपका फोन अपडेट के बाद अपने आप बंद होकर चालू नहीं होता, तो आपको उसे खुद रीस्टार्ट करना चाहिए. आइए जानते हैं कि ऐसा करने से क्या फायदे मिलते हैं.

फोन अपडेट के बाद Restart करना क्यों जरूरी है?

जब भी स्मार्टफोन में नया सॉफ्टवेयर अपडेट आता है, तो उसमें कई सुधार किए जाते हैं. इनसे फोन की सुरक्षा बढ़ सकती है और पुरानी समस्याएं दूर हो सकती हैं. लेकिन अपडेट पूरा होने के बाद फोन को रीस्टार्ट करने से नए बदलाव सही तरीके से काम करने में मदद मिलती है. इससे फोन के सिस्टम को नए सिरे से काम शुरू करने का मौका मिलता है.

फोन की स्पीड बेहतर करने में मिलती है मदद

कई बार लगातार फोन इस्तेमाल करने से वह धीमा चलने लगता है या बार-बार अटकता है. ऐसा होने पर फोन को रीस्टार्ट करना मददगार हो सकता है. इससे कुछ अस्थायी फाइलें हट जाती हैं और फोन की रैम यानी काम करते समय इस्तेमाल होने वाली मेमोरी को राहत मिलती है. इससे फोन पहले के मुकाबले बेहतर तरीके से काम कर सकता है. हालांकि, अगर फोन लगातार धीमा चल रहा है, तो इसकी दूसरी वजह भी हो सकती है.

फोन की सुरक्षा के लिए भी है जरूरी

फोन को रीस्टार्ट करना सिर्फ उसकी स्पीड के लिए ही नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिए भी उपयोगी हो सकता है. कुछ मामलों में फोन बंद करके दोबारा चालू करने से बैकग्राउंड में चल रही संदिग्ध प्रक्रिया रुक सकती है. इससे कुछ खतरों को कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, केवल रीस्टार्ट करने से हर तरह के वायरस या जासूसी ऐप से छुटकारा नहीं मिलता. इसके लिए फोन को अपडेट रखना और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचना भी जरूरी है.

हफ्ते में एक बार जरूर करें Restart

फोन को अपडेट करने के अलावा समय-समय पर रीस्टार्ट करना भी अच्छी आदत है. आप हफ्ते में कम से कम एक बार अपने स्मार्टफोन को बंद करके दोबारा चालू कर सकते हैं. यह सलाह एंड्रॉयड और आईफोन, दोनों तरह के फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए उपयोगी है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement