दिल्ली सिर्फ देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और विरासत का खूबसूरत संगम भी है. अक्सर लोगों को लगता है कि दिल्ली घूमने के लिए अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ती है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. अगर आपका बजट सिर्फ 40 से 50 रुपये है, तब भी आप राजधानी की कई मशहूर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जगहों का आनंद ले सकते हैं. यहां कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं, जहां एंट्री टिकट 50 रुपये से भी कम है. इन जगहों पर घूमते हुए आप इतिहास, वास्तुकला और हरियाली का भरपूर आनंद ले सकते हैं.
पुराना किला
अगर आपको इतिहास में दिलचस्पी है, तो पुराना किला आपके लिए बेहतरीन जगह है. यमुना नदी के किनारे स्थित यह किला दिल्ली के सबसे पुराने और ऐतिहासिक किलों में गिना जाता है. माना जाता है कि यह स्थान कई ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा है. यहां की विशाल दीवारें और प्राचीन संरचना लोगों को इतिहास के दौर में ले जाती हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि यहां घूमने के लिए सिर्फ 30 रुपये का टिकट लेना पड़ता है.
दिल्ली हाट, INA
अगर आप एक ही जगह पर भारत की अलग-अलग संस्कृतियों की झलक देखना चाहते हैं, तो दिल्ली हाट आईएनए जरूर जाएं. यहां देश के विभिन्न राज्यों की हस्तशिल्प कला, लोक संस्कृति और पारंपरिक सामान देखने को मिलते हैं. इसके अलावा अलग-अलग राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया जा सकता है. घूमने और नई चीजें जानने के लिए यह शानदार जगह है. यहां की एंट्री टिकट सिर्फ 30 रुपये है.
हुमायूं का मकबरा
दिल्ली का हुमायूं का मकबरा मुगल वास्तुकला का शानदार उदाहरण माना जाता है. लाल पत्थरों से बना यह ऐतिहासिक स्मारक हरे-भरे बगीचों के बीच स्थित है और अपनी खूबसूरती से पर्यटकों का मन मोह लेता है. यह यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है. कई लोग इसकी भव्यता की तुलना ताजमहल से भी करते हैं. यहां घूमने के लिए भारतीय पर्यटकों को सिर्फ 35 रुपये का टिकट लेना होता है.
लाल किला
दिल्ली का लाल किला भारत के इतिहास और आजादी का अहम प्रतीक है. हर साल स्वतंत्रता दिवस पर यहीं से प्रधानमंत्री देश को संबोधित करते हैं. लाल पत्थरों से बना यह किला मुगलकालीन वास्तुकला का शानदार नमूना है और दुनियाभर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. अगर आप भारत के इतिहास को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो लाल किला जरूर देखें. यहां प्रवेश के लिए भारतीय नागरिकों को सिर्फ 35 रुपये का टिकट देना होता है.
ये भी पढ़ें: