Advertisement

मानसून में घूमने का बना रहे हैं प्लान? स्वर्ग से कम नहीं है मेघालय... ये 5 जगहें आपकी ट्रिप को बना देंगी यादगार

अगर आप भी मानसून में किसी ऐसी जगह जाना चाहते हैं, जहां हर तरफ हरियाली, बादलों से ढके पहाड़ और मनमोहक झरने हों, तो मेघालय आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होना चाहिए.

Meghalaya
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:25 AM IST

लगातार हो रही बारिश ने पहाड़ों, जंगलों और झरनों की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है. ऐसे मौसम में अगर आप किसी ऐसी जगह घूमने जाना चाहते हैं, जहां हर तरफ हरियाली, बादलों से ढके पहाड़ और मन को सुकून देने वाले नजारे हों, तो मेघालय आपके लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन हो सकता है. मानसून के दौरान यहां के झरने पूरे वेग से बहते हैं, घाटियां बादलों की चादर में लिपटी नजर आती हैं और प्राकृतिक सुंदरता अपने सबसे खूबसूरत रूप में दिखाई देती है. यही वजह है कि बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक मेघालय का रुख करते हैं. आइए जानते हैं उन 5 शानदार जगहों के बारे में, जिन्हें मानसून में जरूर देखना चाहिए.

चेरापूंजी
चेरापूंजी दुनिया के सबसे ज्यादा बारिश वाले इलाकों में गिना जाता है. मानसून के दौरान यहां के झरने, गुफाएं और हरी-भरी पहाड़ियां बेहद आकर्षक दिखाई देती हैं. यहां सेवन सिस्टर्स फॉल्स, मवस्माई गुफा और आसपास के प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया जा सकता है.

डॉकी
डॉकी अपनी कांच जैसी साफ उमंगोट नदी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. बारिश के मौसम में यहां की प्राकृतिक सुंदरता और भी बढ़ जाती है. पर्यटक यहां बोटिंग का आनंद लेने के साथ नदी किनारे सुकून भरे पल बिता सकते हैं.

नोहकालिकाई फॉल्स
नोहकालिकाई फॉल्स भारत के सबसे ऊंचे झरनों में से एक है. मानसून के दौरान इसका पानी पूरे वेग से नीचे गिरता है, जो देखने में बेहद शानदार लगता है. यहां बने व्यू पॉइंट से झरने और आसपास की वादियों का मनमोहक दृश्य देखा जा सकता है.


शिलॉन्ग
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग अपनी खूबसूरत वादियों, झीलों और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है. यहां उमियम झील, एलीफेंट फॉल्स और शिलॉंग व्यू पॉइंट जैसी जगहें पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं. बारिश के मौसम में यहां की हरियाली और ठंडी हवा इस शहर की खूबसूरती को और बढ़ा देती है.

मावलिनोंग गांव
मावलिन्नांग को एशिया के सबसे साफ गांवों में गिना जाता है. यहां साफ-सुथरी सड़कें, बांस से बने रास्ते, हरियाली और लिविंग रूट ब्रिज पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. मानसून के दौरान यहां का शांत और प्राकृतिक माहौल लोगों को खासा पसंद आता है.

यात्रा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
मानसून में मेघालय घूमने जा रहे हैं, तो अपने साथ रेनकोट या छाता, फिसलन से बचाने वाले अच्छे जूते और हल्के गर्म कपड़े जरूर रखें.
यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का अपडेट देख लें, क्योंकि लगातार बारिश की वजह से कुछ रास्तों पर फिसलन हो सकती है.
साथ ही जरूरी दवाइयां, पानी की बोतल और हल्का नाश्ता भी अपने पास रखें.
प्राकृतिक जगहों पर सफाई का विशेष ध्यान रखें, कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करें.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement