रेलवे मंत्रालय जल्द ही IRCTC की नई और अपग्रेडेड वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है. नई वेबसाइट का मकसद यात्रियों को पहले से तेज, आसान और बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव देना है. खास बात यह है कि नया सिस्टम मौजूदा प्लेटफॉर्म की तुलना में करीब 10 गुना ज्यादा ट्रैफिक संभालने में सक्षम होगा. इससे खासकर Tatkal टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली दिक्कतें काफी कम होने की उम्मीद है.
एक मिनट में बुक होंगे 1.5 लाख से अधिक टिकट
सबसे बड़ा बदलाव टिकट बुकिंग क्षमता में किया गया है. अभी IRCTC सिस्टम एक मिनट में करीब 32 हजार टिकट बुक कर पाता है, जबकि नया प्लेटफॉर्म एक मिनट में 1.5 लाख से अधिक टिकट बुक करने में सक्षम होगा. इससे पीक समय में भी वेबसाइट के स्लो होने या क्रैश होने की संभावना कम होगी.
ट्रेन का स्टेटस जानने में होगी सहूलियत
PNR स्टेटस और ट्रेन संबंधी जानकारी लेने वालों को भी बड़ी राहत मिलेगी. अभी सिस्टम एक मिनट में करीब 4 लाख स्टेटस संभालता है, जबकि नए वर्जन में यह क्षमता बढ़कर 40 लाख से ज्यादा प्रति मिनट हो जाएगी. इससे PNR चेक करने और ट्रेन का स्टेटस जानने में इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
आसान बनाई गई IRCTC की वेबसाइट
नई वेबसाइट का इंटरफेस भी पूरी तरह बदला गया है. इसे पहले की तुलना में ज्यादा साफ, सरल और क्लटर-फ्री बनाया गया है ताकि यात्रियों को जरूरी विकल्प आसानी से मिल सकें. पेज पहले से तेजी से खुलेंगे और नेविगेशन भी अधिक स्मूद होगा. बुकिंग प्रक्रिया के दौरान बार-बार आने वाले अनावश्यक CAPTCHA को भी हटाया गया है. साथ ही परेशान करने वाले पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स नहीं होंगे, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया तेज और आसान बनेगी.
पसंद की सीट या बर्थ चुनने का विकल्प भी मिले
यात्रियों को अब टिकट बुक करते समय अपनी पसंद की सीट या बर्थ चुनने का विकल्प भी मिलेगा. इससे लोअर, अपर या साइड बर्थ जैसी प्राथमिकताओं के अनुसार सीट चुनना आसान होगा. नई वेबसाइट में Fare Calendar फीचर भी जोड़ा गया है. इसके जरिए यात्री अलग-अलग तारीखों का किराया एक साथ देखकर कम किराए वाले दिन का चयन कर सकेंगे. इससे यात्रा की बेहतर योजना बनाना आसान होगा.
अलग-अलग भाषाओं में होगी टिकट बुकिंग
यात्रियों की सुविधा के लिए वेबसाइट को मल्टीलैंग्वेज बनाया गया है, जिससे अलग-अलग भाषाओं में टिकट बुकिंग और पूछताछ की जा सकेगी. इसके अलावा दिव्यांगजन, छात्रों और मरीजों को मिलने वाली विशेष सुविधाओं को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है, जिससे उन्हें अलग-अलग प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ेगा.
रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट के सभी प्रमुख फीचर RailOne ऐप पर भी उपलब्ध होंगे. यानी यात्री मोबाइल और वेबसाइट दोनों माध्यमों से समान सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे. नई प्रणाली को भविष्य की बढ़ती मांग को देखते हुए अधिक तेज, लचीला और स्केलेबल बनाया गया है, ताकि भारी ट्रैफिक के बावजूद टिकट बुकिंग और रेलवे सेवाएं बिना रुकावट जारी रह सकें.
ये भी पढ़ें: