दुबई के अरबपति कारोबारी खलाफ अहमद अल हब्तूर ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि इस साल शादी करने वाले अल हब्तूर ग्रुप के अमीराती कर्मचारियों को करीब 12.5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इतना ही नहीं, शादी के बाद अगर अगले दो वर्षों के भीतर बच्चे का जन्म होता है, तो यह सहायता दोगुनी कर दी जाएगी. अल हब्तूर की यह मैरिज ग्रांट खास तौर पर यूएई के युवाओं को शादी और परिवार शुरू करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से लाई गई है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार केवल व्यक्तिगत मामला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं.
राष्ट्र निर्माण में परिवार की भूमिका
अपने संदेश में अल हब्तूर ने लिखा कि शादी और परिवार बढ़ाना सिर्फ निजी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्व भी है. उन्होंने कहा कि सरकारें युवाओं को सपोर्ट करने में पीछे नहीं हैं, लेकिन अमीरात के युवाओं को शादी और परिवार के लिए आगे बढ़ाने के लिए समाज के हर वर्ग को व्यावहारिक कदम उठाने होंगे.
उन्होंने आगे बताया कि इसी सोच के तहत वह अल हब्तूर ग्रुप में काम करने वाले हर अमीरात के युवक या युवती को, जो इस साल शादी करेगा, 50,000 दिरहम की मदद देंगे. साथ ही, अगले दो वर्षों में हर बच्चे के जन्म पर यह सहायता दोगुनी की जाएगी.
समाज की मजबूती में परिवार की अहमियत
अल हब्तूर ने कहा कि परिवार समाज की नींव होते हैं और बच्चे देश के भविष्य में निवेश की तरह हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि मजबूत परिवार ही एकजुट समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं. उन्होंने पूरे अमीराती समाज से भी अपील की कि वे युवाओं को शादी और परिवार बसाने में सहयोग करें, क्योंकि हर छोटी-बड़ी पहल समाज और देश के भविष्य को मजबूत बनाती है.
कौन हैं खलफ अल हब्तूर?
खलाफ अहमद अल हब्तूर यूएई के जाने-माने उद्योगपति हैं और अल हब्तूर ग्रुप के चेयरमैन हैं. इसके अलावा वह दुबई नेशनल इंश्योरेंस एंड रीइंश्योरेंस कंपनी के भी चेयरमैन रह चुके हैं. उन्होंने कमर्शियल बैंक ऑफ दुबई के चेयरमैन, अल जलिला फाउंडेशन बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के वाइस चेयरमैन और यूएई फेडरल नेशनल काउंसिल के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दी हैं. 1970 में स्थापित अल हब्तूर ग्रुप एक विविध कारोबार वाला समूह है, जो हॉस्पिटैलिटी, ऑटोमोटिव, रियल एस्टेट, एजुकेशन और पब्लिशिंग जैसे क्षेत्रों में काम करता है. इसका मुख्यालय यूएई में स्थित है और समूह के तहत हजारों कर्मचारी काम करते हैं.