Pan Card
Pan Card
आज के समय में पैन कार्ड सिर्फ टैक्स से जुड़ा दस्तावेज नहीं रहा, बल्कि यह एक अहम पहचान पत्र बन चुका है. बैंकिंग से लेकर निवेश, लोन, केवाईसी और कई सरकारी प्रक्रियाओं में इसकी जरूरत पड़ती है. ऐसे में अगर पैन कार्ड पर दर्ज आपकी बुनियादी जानकारी, खासकर जन्मतिथि, गलत हो तो कई काम अटक सकते हैं. छोटी सी गलती भी बड़े वित्तीय या कानूनी काम में रुकावट बन सकती है, इसलिए समय रहते इसे ठीक कराना समझदारी है.
पैन कार्ड में गलत जन्मतिथि होने पर सबसे पहले केवाईसी प्रक्रियाओं में दिक्कत आती है. जब पैन की जानकारी दूसरे दस्तावेजों जैसे आधार, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस से मेल नहीं खाती, तो वेरिफिकेशन रिजेक्ट हो सकता है. निवेश या बैंक खाता खोलते समय भी डेटा मिसमैच परेशानी पैदा करता है. इतना ही नहीं, इनकम टैक्स रिटर्न भरते समय भी रिकॉर्ड में अंतर होने से प्रक्रिया जटिल हो सकती है. इसलिए इस गलती को नजरअंदाज करना आगे चलकर भारी पड़ सकता है.
पैन कार्ड में जन्मतिथि सुधारने के तरीके
पैन कार्ड में डेट ऑफ बर्थ सुधारने की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है. ऑनलाइन सुधार के लिए संबंधित आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पैन करेक्शन फॉर्म भरना होता है. इसमें सही जन्मतिथि दर्ज करनी होती है और साथ में वैध दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या दसवीं की मार्कशीट अपलोड करनी होती है. इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन पूरा किया जाता है.
जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं कर पाते, वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी करेक्शन फॉर्म जमा कर सकते हैं. वहां आवश्यक दस्तावेजों की जांच और वेरिफिकेशन के बाद रिकॉर्ड अपडेट किया जाता है.
कितनी लगती है फीस और क्या होता है आगे
पैन विवरण में सुधार के लिए निर्धारित शुल्क देना होता है, जो आवेदन के प्रकार पर निर्भर करता है. वेरिफिकेशन सफल होने के बाद पैन रिकॉर्ड अपडेट कर दिया जाता है और जरूरत पड़ने पर नया पैन कार्ड भी जारी किया जाता है. पूरी प्रक्रिया कुछ दिनों में पूरी हो जाती है.