scorecardresearch

BPSC TRE-4 Vacancy: खुशखबरी! बिहार में 46 हजार शिक्षकों की होगी बहाली, प्राथमिक-माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में होगी नियुक्ति, जानें कब से कर सकते हैं आवेदन 

Recruitment of Teachers in Bihar: बिहार में 46 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. सामान्य प्रशासन विभाग ने BPSC को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के लिए रिक्तियों की अधियाचना भेज दी है. नियुक्ति के लिए मार्च में विज्ञापन जारी होगा. आवेदन की प्रक्रिया भी मार्च से शुरू हो जाएगाी.

BPSC TRE-4 Vacancy (Symbolic Photo) BPSC TRE-4 Vacancy (Symbolic Photo)

बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. बिहार में 46 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी.  इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने बिहार लोक सेवा आयोग  (BPSC) को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के लिए रिक्तियों की अधियाचना भेज दी है. नियुक्ति के लिए मार्च में विज्ञापन जारी होगा. आवेदन की प्रक्रिया भी मार्च से शुरू हो जाएगाी.

किन विद्यालयों में की जाएंगी नियुक्तियां
TRE-4 के तहत BPSC को क्लास 1 से 5वीं, छठी से आठवीं, 9वीं से 10वीं और 11वीं से 12वीं के विद्यालयों में अध्यापकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना मिली है. इसको लेकर आयोग ने आधिकारिक नोटिस भी जारी कर दिया है. अलग-अलग विषयों और स्तरों के लिए रिक्तियों का ब्योरा उपलब्ध करा दिया गया है. अनुसूचित जाति व जनजाति कल्याण विभाग और पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में विभिन्न श्रेणियों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. BPSC ने जारी विज्ञप्ति में बताया है कि नियुक्ति प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन की सूचना शीघ्र ही आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी.

शिक्षा विभाग की ओर से संचालित विद्यालयों में कक्षा 1 से 5, 6 से 8, 9 से 10 और 11 से 12 तक की कक्षाओं में अध्यापकों की बहाली होगी. इसी तरह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में कक्षा 1 से 5, 6 से 10 और 11 से 12 में अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक की नियुक्ति की जाएगी. पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर संचालित विद्यालयों में कक्षा 6 से 8, 9 से 10 और 11 से 12 के लिए अध्यापक एवं प्रधानाध्यापक पदों पर बहाली होगी.

लंबे समय से अभ्यर्थी कर रहे थे TRE-4 का इंतजार 
आपको मालूम कि TRE-1, TRE-2 और TRE-3 का एग्जाम होने के बाद लंबे समय से अभ्यर्थी TRE-4 का इंतजार कर रहे थे. BPSC ने इस परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इधर-उधर की सूचनाओं पर ध्यान न दें. सिर्फ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें. श्रेणीवार पदों की संख्या भी दो से तीन दिनों के भीतर सार्वजनिक कर दी जाएगी.

महिलाओं को मिलेगा 35 प्रतिशत आरक्षण 
TRE-4 के तहत कक्षा 1 से 8 तक करीब 20 हजार शिक्षकों के पद पर भर्ती होगी. कक्षा 9 से 10 तक करीब 12 हजार पद, कक्षा 11 से 12 तक करीब 13 हजार शिक्षकों के पदों पर भर्तियां होंगी. सबसे अधिक भर्ती गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और कॉमर्स विषय में होने की संभावना है. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि TRE-4 भर्ती में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा. इसका लाभ बिहार के मूल निवासियों को मिलेगा.

इस बार एक अभ्यर्थी का केवल एक ही रिजल्ट जारी होगा. पहले अलग-अलग कक्षाओं के लिए एक ही अभ्यर्थी के कई रिजल्ट आते थे. इस बार भर्ती में डोमिसाइल नीति लागू की जाएगी. राज्य के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कुल संख्या वर्ष 2023–24 में 407331 थी, जो 2024–25 में बढ़कर 540000 हो गई है. पिछले दो सालों में TRE-1, TRE-2 और TRE-3 के तहत लगभग 2.27 लाख शिक्षकों की भर्ती की गई है. इतना ही नहीं लगभर तीन लाख नियोजित शिक्षक सक्षमता परीक्षा पास कर राज्यकर्मी बन चुके हैं.