scorecardresearch

Railway Jobs: खुशखबरी! रेलवे में निकली बंपर भर्ती, 4098 पदों पर होगी बहाली, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवार यहां जानें पूरा प्रोसेस

रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वालों के लिए खुशखबरी है. रेल मंत्रालय ने देशभर के रेलवे जोनों में खाली पड़े 4098 तकनीकी पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है. यहां आप जान सकते हैं किन-किन पदों पर वैकेंसी होगी और चयन की प्रक्रिया क्या होगी?

Railway Jobs Railway Jobs

रेल मंत्रालय ने देश के अलग-अलग रेलवे जोनों में खाली पड़े 4098 तकनीकी पदों को भरने का फैसला किया है. रेल मंत्रालय का कहना है कि बहाली का फैसला रेलवे के संचालन को मजबूत बनाने और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के मकसद से लिया गया है. मंत्रालय के मुताबिक सभी रेलवे जोनों से प्राप्त खाली पदों की जानकारी का आकलन करने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया. इन पदों पर नियुक्ति होने से रेलवे के तकनीकी विभागों में कर्मचारियों की कमी दूर होगी. इसके साथ ही ट्रैक, सिग्नल, कोच और अन्य तकनीकी कामों की निगरानी भी और अच्छी तरीके से हो सकेगी. इस भर्ती का लाभ सिर्फ नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका असर करोड़ों यात्रियों पर भी दिखाई देगा. 

किन-किन पदों पर होगी भर्ती
रेल मंत्रालय के मुताबिक इस भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुल 35 तकनीकी श्रेणियों में नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें जूनियर इंजीनियर, डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट, केमिकल एवं मेटलर्जिकल असिस्टेंट व अन्य तकनीकी सुरक्षा श्रेणियों के पद शामिल हैं. 

किन विभागों में सबसे ज्यादा पद खाली 
रेल मंत्रालय के मुताबिक सबसे अधिक 845 रिक्तियां परमानेंट वे विभाग में हैं, जो रेलवे ट्रैक के निर्माण और रखरखाव से जुड़ा होता है. वर्क्स विभाग में 470 और कैरिज एंड वैगन विभाग में 450 पद खाली हैं, जिनपर बहाली की जाएगी. इन विभागों की जिम्मेदारी रेलवे ट्रैक, पुल, कोच और मालगाड़ियों की तकनीकी देखभाल करना है. 

1. परमानेंट वे: 845 पद
2. वर्क्स: 470 पद
3. कैरिज एंड वैगन: 450 पद

कब से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया 
रेल मंत्रालय ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) बेंगलुरु के साथ मिलकर भर्ती का कार्यक्रम तय किया है. रेल मंत्रालय ने सभी रेलवे जोनों को निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर पर सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करें. इन्हें अंतिम रिक्तियों की सूची अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके बाद रेलवे भर्ती बोर्ड की तरफ से 21 जुलाई 2026 से केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना जारी की जाएगी. 

आरक्षण नियमों का पालन करना अनिवार्य
रेल मंत्रालय ने निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी रेलवे जोन आरक्षण से जुड़े सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें. रिक्तियों को अपलोड करते समय अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) जैसे आरक्षण नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. रेल मंत्रालय चाहता है कि किसी भी वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव न हो और सभी पात्र उम्मीदवारों को समान अवसर मिले. यही वजह है कि रिक्तियों की अंतिम सूची जारी करने से पहले सभी नियमों की जांच की जा रही है.

पहले भी निकली थी भर्ती
रेल मंत्रालय इससे पहले 6565 तकनीशियन पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी कर चुका है. इनमें सिग्नल तकनीशियन ग्रेड-I के 323 और तकनीशियन ग्रेड-III के 6242 पद शामिल हैं. अब 4098 नए तकनीकी पदों पर भर्ती की मंजूरी दी गई है.

जूनियर इंजीनियर के इतने पद शामिल
1.
जूनियर इंजीनियर (सिग्नल): 197 पद
2. जूनियर इंजीनियर (टेलीकम्युनिकेशन): 79 पद

रेलवे यूनियनों ने किया स्वागत 
रेलवे यूनियनों ने रेल मंत्रालय के 4098 नए तकनीकी पदों पर भर्ती करने के फैसले का स्वागत किया है. ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि सुरक्षा श्रेणी के खाली पदों को भरना लाखों यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम है. इंडियन रेलवे सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन मेंटेनर्स यूनियन के महासचिव आलोक चंद्र प्रकाश ने कहा कि लंबे समय से खाली पड़े सुरक्षा श्रेणी के पदों पर भर्ती का निर्णय स्वागतयोग्य है.