scorecardresearch

Tamil Nadu-Kerala Hot Seats: आज जो जीता वही सिकंदर! कहीं विजय थलपति तो कहीं एमके स्टालिन और पिनाराई विजयन ठोक रहे ताल... तमिलनाडु और केरल की ये हैं हॉट सीटें, इनके नतीजों पर टिकी हैं सबकी नजरें  

Assembly Election Result 2026: तमिलनाडु और केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार शाम तक आ जाएंगे. इस दौरान चर्चित चेहरों के चुनाव नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. यहां आप जान इन दोनों राज्यों के हॉट सीटों के बारे में जान सकते हैं. 

 Tamil Nadu and Kerala Assembly Election Results Tamil Nadu and Kerala Assembly Election Results

पांच राज्यों में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के बाद 4 मई को मतों की गिनती जारी है. सोमवार शाम तक मालूम चल जाएगा कि इन राज्यों में किसकी सरकार बनेगी. हम आपको तमिलनाडु और केरल की हॉट सीटों के बारे में बता रहे हैं, जिनपर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.  

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था. यहां पहले जहां डीएमके की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन और एआईएडीएमके-बीजेपी के एनडीए के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही थी, वहीं अब थलापति विजय की अगुवाई वाली नई नवेली टीवीके बड़ी बढ़त मिलने के आसार जताए जा रहे हैं. विजय ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है. उधर, केरल की 140 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान हुआ था. केरल में इस बार कुल 883 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वर्तमान में पी. विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की ऐतिहासिक कोशिश कर रही हैं. उधर, यूडीएफ अपनी खोई हुई सियासी जमीन तलाशने में जुटा है और एनडीए राज्य में अपना खाता खोलने की उम्मीद लगाए बैठा है. 

तमिलनाडु की हॉट सीटें
1. कोलाथुर: तमिलनाडु की हॉट सीटों में सबसे ऊपर कोलाथुर विधानसभा सीट हैं. यहां से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) पार्टी के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन चुनावी मैदान में हैं. इस विधानसभा सीट पर टीवीके ने ऊर्मिला और अन्नाद्रमुक ने पी.संथन कृष्ण को चुनावी मैदान में उतारा है. 

2. एदापद्दी: तमिलनाडु की हॉट सीटों में एदापद्दी विधानसभा सीट भी शामिल हैं. यहां से विपक्ष के नेता और अन्नाद्रमुक प्रमुख एदापद्दी के.पलानीस्वामी चुनावी मैदान में हैं. इस सीट से टीवीके ने गोविंदराज वी और द्रमुक ने सी.काशी को टिकट दिया है. 

3. पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट: तमिलनाडु की हॉट सीटों में  पेरम्बूर और त्रिची ईस्ट सीटें भी शामिल हैं. इन दोनों सीटों से साउथ के दिग्गज अभिनेता विजय थलपति ताल ठोक रहे हैं. विजय थलपति का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है, इस समय तमिलनाडु की राजनीति में काफी चर्चा में हैं. टीवीके प्रमुख विजय पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं. विजय की पार्टी के आने से त्रिची ईस्ट जैसी सीट पर वोट बैंक बंटने और त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है.

4. चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी: तमिलनाडु की हॉट सीटों में चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट भी शामिल है. यहां से सीएम स्टालिन के बेटे और वर्तमान सरकार में उप-मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चुनाव लड़ रहे हैं. विधानसभा चुनाव 2021 में उदनिधि इस सीट पर जीत दर्ज कर चुके हैं. 

5. बोडिनायक्कनूर: तमिलनाडु की हॉट सीटों में बोडिनायक्कनूर भी हॉट सीटों में है. यहां से अन्नाद्रमुक से निष्कासित होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम द्रमुक के टिकट पर ताल ठोक रहे हैं. विधानसभा चुनाव 2021 में पन्नीरसेल्वम यहां से अन्नाद्रमुक के टिकट पर विजयी हुए थे. 

6. मैलापुर: इस सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रमुख नेता और पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन चुनावी मैदान में हैं. 

7. अविनाशी: तमिलनाडु की हॉट सीटों में अविनाशी विधानसभा सीट भी शामिल है. यहां से बीजेपी नेता और संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन अविनाशी सुरक्षित सीट से चुनावी मैदान में हैंय

केरल की हॉट सीटें 
1. धर्मडोम: केरल की हॉट सीटों में सबसे ऊपर धर्मडोम विधानसभा सीट है. यहां से केरल के मुख्यमंत्री और माकपा नेता पिनाराई विजयन चुनावी मैदान में हैं. वह धर्मडोम सीट से एक और कार्यकाल की तलाश में हैं. यह उनके राजनीतिक करियर का सातवां और इस सीट से उनका लगातार तीसरा विधानसभा चुनाव है. 

2. त्रिशूर: केरल की हॉट सीटों में त्रिशूर शामिल है. यहां भाकपा, कांग्रेस और बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. इस बार बीजेपी ने यहां से पद्मजा वेणुगोपाल को चुनावी मैदान में उतारा है, जो पहले कांग्रेस में थीं. विधानसभा चुनाव 2021 में इस सीट पर जीत का अंतर बहुत ही कम रहा था. 

3. नेमोम: केरल की हॉट सीटों में नेमोम विधानसभा सीट भी शामिल हैं. भारतीय जनता पार्टी यहां वापसी की कोशिश में है. इस सीट से बीजेपी से राजीव चंद्रशेखर, माकपा से वी. शिवनकुट्टी और कांग्रेस के केएस. शबरीनाथन के बीच लड़ाई है.

4. परवूर: केरल की हॉट सीटों में परवूर विधानसभा सीट भी शामिल हैं. यहां से केरल के विपक्ष के नेता लगातार छठी जीत दर्ज करने के लिए चुनावी मैदान में हैं. उनकी लड़ाई भाकपा के ईटी. टाइसन मास्टर से है.

5. पेरावूर और अंबालापुझा: परावूर विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती जारी है. यहां पर INC प्रत्याशी V.D. Satheesan को  CPI प्रत्याशी E.T. Taison Master से बेहद कड़ी टक्कर मिल रही है. उधर, अंबालापुझा सीट से पूर्व माकपा नेता जी. सुधाकरन यूडीएफ के समर्थन के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे हैं. इससे इस पुराने वामपंथी गढ़ का मुकाबला बहुत दिलचस्प हो गया है.