scorecardresearch

कभी सिर्फ 13 डॉलर के लिए मॉल में की सफाई, पत्नी संग बांटे अखबार, आज करोड़ों के साम्राज्य के मालिक हैं ये सुपरस्टार

जहां लोग हालात के हाथों मजबूर होकर सपनों को छोड़ देते हैं, वहीं इस पंजाबी कलाकार की कहानी हर उन लोगों के लिए प्रेरणा बनेगी, जिन्होंने अपने जीवन में बड़े सपने देख रखे हैं. केवल 13 डॉलर के लिए इस कलाकार ने टॉयलेट तक साफ किया है. लेकिन आज हजारों करोड़ के मालिक हैं.

गिप्पी ग्रेवाल गिप्पी ग्रेवाल

पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. सिंगिंग, एक्टिंग, प्रोडक्शन और निर्देशन के दम पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. लेकिन जिस मुकाम पर आज गिप्पी खड़े हैं, वहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा. एक समय ऐसा भी था जब कनाडा में गुजारा करने के लिए उन्हें कई छोटी-बड़ी नौकरियां करनी पड़ती थीं. कभी सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी, कभी अखबार बांटना और कभी टॉयलेट साफ करने का काम, गिप्पी ने हर संघर्ष को करीब से देखा है.

हिट गाना मिला, लेकिन संघर्ष खत्म नहीं हुआ
हाल ही में एक बातचीत के दौरान गिप्पी ग्रेवाल ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि उनका पहला गाना लोगों को पसंद जरूर आया, लेकिन इसके बाद भी उन्हें दूसरा मौका पाने के लिए लंबा इंतजार और कड़ी मेहनत करनी पड़ी. गिप्पी ने कहा कि उस दौर में वे एक साथ तीन-चार नौकरियां करते थे. काम खत्म करते-करते रात नहीं, बल्कि सुबह के चार बज जाते थे. लेकिन संघर्ष यहीं खत्म नहीं होता था. घर पहुंचने के बाद वे अपनी पत्नी को साथ लेकर अखबार बांटने निकल जाते थे. करीब दो घंटे तक दोनों यह काम करते और फिर दिन की बाकी जिम्मेदारियां शुरू होती थीं.

पत्नी ने भी हर कदम पर दिया साथ
गिप्पी ग्रेवाल की सफलता की कहानी में उनकी पत्नी रवनीत कौर का योगदान भी बेहद अहम रहा है. उन्होंने बताया कि उस समय उनकी पत्नी सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक फास्ट फूड चेन सबवे में काम करती थीं. इसके बाद वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी करती थीं. बाद में दोनों ने मिलकर मॉल की सफाई का कॉन्ट्रैक्ट लिया. गिप्पी सफाई का काम संभालते थे, जबकि उनकी पत्नी फूड कोर्ट से ट्रे इकट्ठा करती थीं. दोनों शाम को कुछ घंटे यह काम करते और फिर घर लौटते थे.

13 डॉलर के लिए साफ किए टॉयलेट
गिप्पी ने बताया कि उनकी दूसरी नौकरियों में उन्हें करीब 8 डॉलर प्रति घंटा मिलते थे, लेकिन मॉल और टॉयलेट की सफाई के काम में लगभग 13 डॉलर प्रति घंटा कमाई होती थी. इसलिए उन्होंने यह काम चुना. उन्होंने कहा कि कनाडा में इस तरह की नौकरियों को लेकर कोई हीन भावना नहीं होती. वहां लोग हर काम को सम्मान के साथ करते हैं. उनके लिए सबसे जरूरी बात यह थी कि मेहनत करके अपने सपनों को पूरा किया जाए.

अखबार बांटते-बांटते बुने बड़े सपने
गिप्पी ने बताया कि अखबार बांटने का काम उनके लिए सिर्फ नौकरी नहीं था. यह समय उन्हें अपनी पत्नी के साथ बिताने का मौका भी देता था. दोनों सुबह-सुबह काम करते हुए अपने भविष्य की बातें किया करते थे. वे सपने देखते थे कि एक दिन ऐसा आएगा जब उन्हें सिर्फ वही काम करना होगा जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है. यही सोच उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत देती रही.

मेहनत ने बदली किस्मत
कई सालों तक लगातार मेहनत करने के बाद गिप्पी ग्रेवाल को पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी. धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ी और फिर उन्होंने फिल्मों का रुख किया. आज गिप्पी सिर्फ अभिनेता या गायक नहीं हैं, बल्कि सफल निर्माता और निर्देशक भी हैं. पंजाबी सिनेमा में उनका नाम सबसे बड़े सितारों में गिना जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपए के आसपास बताई जाती है.

परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी
गिप्पी ग्रेवाल ने साल 2007 में रवनीत कौर से शादी की थी. दोनों के तीन बेटे हैं, एकोम ग्रेवाल, शिंदा ग्रेवाल और गुरबाज ग्रेवाल. गिप्पी अकसर अपने परिवार के साथ तस्वीरें और उनके साथ बिताए खास पल सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं.

अब 'कैरी ऑन जट्टा 4' का इंतजार
वर्कफ्रंट की बात करें तो गिप्पी ग्रेवाल इन दिनों अपनी नई फिल्म Carry On Jatta 4 को लेकर चर्चा में हैं. यह फिल्म 26 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म का निर्देशन स्मीप कांग ने किया है. इसमें गिप्पी ग्रेवाल के साथ बिन्नू ढिल्लों अहम भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में पंजाबी सिनेमा के दिग्गज कलाकार जसविंदर भल्ला को खास श्रद्धांजलि भी दी गई है.

ये भी पढ़ें