Greater Noida Film City
Greater Noida Film City
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना सिटी के सेक्टर- 21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी में रविवार को फिल्म 'मॉम 2' का लाइट, कैमरा, एक्शन के साथ आगाज हो गया. यहां फिल्म का एक सीन भी फिल्माया गया, जहां सेट पर बने एक कूड़े के ढेर से युवती लुढ़कते हुए गिरती है. फिल्म सिटी में पहला सीन फिल्माने पर वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
फिल्म सिटी में पहली बार शूटिंग-
यमुना सिटी में मॉम-2 की केक सेरमनी का आयोजन हुआ. रात 8 बजे फिल्म की शूटिंग हुई. यहां पिछले एक महीने से फिल्म का सेट तैयार हो रहा था. लगभग 7 दिनों तक यहां पर फिल्म की शूटिंग होगी. बताया गया है कि यह फिल्म का अंतिम शूट होगा. फिल्म सिटी में एक घर का सेट तैयार किया गया है. इसके अलावा एक बहुत बड़े कूड़े का ढेर का सेट भी तैयार किया गया है. इसी कूड़े के ढेर पर एक युवती के गिरने का शूट किया गया है.
इस दौरान बोनी कपूर ने बताया कि इस दिन से फिल्म सिटी में शूटिंग का आगाज हो गया. उन्होंने बताया इस वर्ष ही यहां पर एक के बाद एक 4 फिल्मों की शूटिंग होगी.
15 महीने में सभी स्टूडियो तैयार हो जाएंगे- बोनी कपूर
फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के सीईओ आशीष भूटानी ने बताया कि फिल्म सिटी में 3 माह में सेट बनाने का काम शुरू होगा. लगभग नवंबर से दिसंबर तक एक बड़ा स्टूडियो तैयार कर दिया जाएगा. इसके अलावा 15 माह में लगभग पूरी फिल्म सिटी के सभी स्टूडियो तैयार कर लिए जाएंगे.
अगली 4 फिल्मों की शूटिंग भी यहीं होगी- बोनी
फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने बताया कि उनकी इस फिल्म की शूटिंग का शेड्यूल 7-8 मार्च तक रहेगा. इसके बाद उनकी अगली 4 फिल्मों की शूटिंग भी यहीं पर की जाएगी. उनकी एक शूटिंग बैंक रॉबरी पर आधारित है. इसके लिए जल्दी ही यमुना सिटी की फिल्म सिटी के अंदर बैंक का सेट भी तैयार किया जाएगा. यह सेट स्थाई रूप से यहीं पर मौजूद रहेगा. जिससे भविष्य में भी होने वाली शूटिंग में इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा.
उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बेहद भावुक क्षण है. इस फिल्म सिटी की कल्पना एक विश्वस्तरीय रचनात्मक केंद्र के रूप में की गई थी. इसकी शुरुआत किसी शिलान्यास से नहीं, बल्कि असली फिल्म शूट से हो रही है, यही इसे खास बनाता है.
(अरुण त्यागी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: