scorecardresearch

Huma Qureshi Marriage & Production House: 'मां भी यही पूछती हैं!' शादी के सवाल पर मुस्कुराईं हुमा कुरैशी, बताया क्यों बन गईं प्रोड्यूसर

अगर हुमा कुरैशी को बोल्ड गर्ल्स में गिना जाए तो गलत नहीं होगा. हुमा को भले बड़े रोल कम मिले हो, लेकिन जितने भी मिले, उन्होंने उसे बखूबी निभाया है. अभी वह अपनी फिल्म 'बेबी डू डाई डू' और शादी को लेकर चर्चा में हैं. एक इंटरव्यू में जब कुरैशी से शादी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बड़े मजाकिया अंदाज में उसका जबाव दिया.

Advertisement
Huma Qureshi Huma Qureshi

पिछले कुछ समय से अभिनेत्री हुमा कुरैशी अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. अभिनेता और एक्टिंग कोच रचित सिंह के साथ उनकी लगातार बढ़ती नजदीकियों ने शादी की अटकलों को और हवा दे दी है. दोनों को कई बार साथ देखा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं. इसी बीच हुमा ने इन अफवाहों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने शादी के सवाल पर ऐसा जवाब दिया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. हुमा ने हंसते हुए कहा कि 'आपके और मेरी मां के पास एक ही सवाल है.' इसके साथ ही उन्होंने साफ कर दिया कि फिलहाल उनका पूरा फोकस शादी नहीं, बल्कि अपने काम और नए प्रोजेक्ट्स पर है.

'मेरी मां भी यही सवाल पूछती हैं'
हिन्दुस्तान टाइम्स के एक इंटरव्यू में जब हुमा कुरैशी से उनकी शादी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'आपके और मेरी मां के पास एक ही सवाल है. मेरे पास इसका जवाब नहीं है कि शादी कब होगी. जब होनी होगी, तब हो जाएगी.' उन्होंने कहा कि यह साल उनके लिए काफी व्यस्त है और फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने काम पर है.

प्रोड्यूसर बनने को बताया बड़ा जोखिम
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'बेबी डू डाई डू' से हुमा ने बतौर प्रोड्यूसर नई शुरुआत की है. इस अनुभव को लेकर उन्होंने कहा कि फिल्म बनाना 'हाई रिस्क, हाई रिवॉर्ड' वाला काम है. उनके मुताबिक, हर क्रिएटिव इंसान को एक बार फिल्म प्रोड्यूस जरूर करनी चाहिए, ताकि उसे पूरी प्रक्रिया की समझ हो सके. हुमा ने कहा कि एक अभिनेता का काम कैमरे के सामने तक सीमित होता है, लेकिन प्रोड्यूसर को फिल्म से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है. कई बार लोगों का व्यवहार और उनका स्वभाव भी प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी बन जाता है. इस अनुभव ने उन्हें समय, पैसे और प्रोफेशनलिज्म की असली अहमियत समझाई.

'रोल नहीं मिले तो खुद मौके बनाए'
हुमा ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर उन्हें और उनके भाई साकिब सलीम को हमेशा दूसरे लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था कि कौन उन्हें काम देगा. लेकिन दोनों कभी इस बात की शिकायत नहीं करते कि उन्हें कौन-से रोल नहीं मिले. इसी सोच के साथ उन्होंने 'Saleem Siblings' नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया, ताकि वे खुद अपने लिए और दूसरे क्रिएटिव लोगों के लिए नए मौके बना सकें.

उन्होंने कहा कि हर अच्छी कहानी को 150 करोड़ रुपये के बड़े बजट की जरूरत नहीं होती. कई बेहतरीन कहानियां कम बजट में भी दर्शकों तक पहुंच सकती हैं. उन्होंने बताया कि 'बेबी डू डाई डू' पांचवें हफ्ते में भी सिनेमाघरों में चल रही है और देश के अलग-अलग शहरों से हाउसफुल शो की खबरें मिल रही हैं, जिन्हें वह सोशल मीडिया पर भी शेयर करती रहती हैं.

दिल्ली आज भी है सबसे खास
दिल्ली दौरे को लेकर हुमा ने कहा कि उनके लिए दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि घर है. उन्होंने अपना पूरा बचपन और जिंदगी का बड़ा हिस्सा यहीं बिताया है. इसलिए उन्हें दिल्ली आने के लिए किसी खास वजह की जरूरत नहीं पड़ती. हाल ही में 'बेबी डू डाई डू' के प्रमोशन के दौरान वह दिल्ली के कई सिनेमाघरों में अचानक पहुंचीं और दर्शकों से फिल्म पर उनकी राय जानी. इस दौरान उन्हें अपने कॉलेज के पुराने दोस्त और पुराने पड़ोसी भी मिल गए, जिसने इस दौरे को उनके लिए और भी खास बना दिया. 

ये भी पढ़ें