Rajpal Yadav Debt Crisis
Rajpal Yadav Debt Crisis
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. शाहजहांपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई ने उनकी दो संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बैंक ने उनकी संपत्तियों पर नोटिस चस्पा कर दिया है. बताया जा रहा है कि राजपाल यादव पर बैंक का करीब 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपए का बकाया है, जिसे लेकर यह कार्रवाई की जा रही है.
फिल्म बनाने के लिए लिया था करोड़ों का लोन
जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई से लोन लिया था. बैंक का दावा है कि इस लोन की 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपए की राशि अब भी बकाया है. इसी कारण बैंक ने उनकी संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
शाहजहांपुर की दो संपत्तियां होंगी नीलाम
राजपाल यादव की शाहजहांपुर में दो संपत्तियां हैं. इनमें शहर में स्थित एक संपत्ति के अलावा गांव में खेत और मकान शामिल हैं. बैंक के अनुसार, इन दोनों संपत्तियों की कुल कीमत 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपए आंकी गई है. इनकी 9 सितंबर 2026 को ऑनलाइन नीलामी की जाएगी. बताया गया है कि लोन लेते समय राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटी के तौर पर मॉर्गेज रखा था. शाहजहांपुर के अलावा मुंबई स्थित उनकी अन्य संपत्तियों के खिलाफ भी बैंक की ओर से नीलामी की कार्रवाई की जा रही है.
घर पर चस्पा किया गया नीलामी का नोटिस
बैंक अधिकारियों ने शाहजहांपुर स्थित राजपाल यादव के घर पर नीलामी का नोटिस भी चस्पा कर दिया है. इससे साफ है कि बैंक बकाया राशि की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है.
पहले भी विवादों में रह चुके हैं राजपाल यादव
यह पहली बार नहीं है जब राजपाल यादव कानूनी विवादों में घिरे हैं. इससे पहले भी लिए गए कर्ज और उससे जुड़े भुगतान विवाद को लेकर उनका नाम चर्चा में रहा था. पहले चेक बाउंस मामले में भी उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है. अब संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
ये भी पढ़ें