Kangana Ranaut, Lock Upp
Kangana Ranaut, Lock Upp
रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के दूसरे सीजन में कंगना रनौत की एंट्री होनेवाली हैं. शो की पहली होस्ट रह चुकीं कंगना अब नए सीजन में खास अंदाज में नजर आएंगी. हालांकि इस बार वह होस्ट की कुर्सी पर नहीं होंगी, बल्कि 'जनता की आवाज' बनकर जेल में एंट्री करेंगी. वीकेंड एपिसोड में कंगना कंटेस्टेंट्स से सवाल-जवाब करेंगी और उन्हें दर्शकों की राय से भी रूबरू कराएंगी.
कंटेस्टेंट्स को मिलेगा जनता से जुड़ने का मौका
मेकर्स के मुताबिक, कंगना की भूमिका इस बार काफी अलग होगी. वह शो में दर्शकों की आवाज बनकर आएंगी और कंटेस्टेंट्स को यह समझने का मौका देंगी कि बाहर की दुनिया उन्हें किस नजर से देख रही है. जेल के अंदर चल रहे खेल, रिश्तों और विवादों पर भी कंगना अपनी राय रखेंगी.
एकता कपूर ने बताया- इस बार कंगना क्यों नहीं बनीं होस्ट
मुंबई में शो के लॉन्च इवेंट के दौरान निर्माता एकता कपूर ने बताया था कि इस सीजन में कंगना को होस्ट न बनाए जाने की वजह शो का बदला हुआ फॉर्मेट है. उन्होंने कहा कि इस बार शो का कॉन्सेप्ट बदल दिया गया है. पहले वाले सीजन की कोई भी चीज नहीं रखी गई है. न जेलर, न होस्ट और न ही पुराना सेटअप. उनका कहना था कि अगर पुराने फॉर्मेट की कोई चीज रखी जाती तो नए ब्रांडिंग और प्रेजेंटेशन का असर कम हो जाता.
27 जून से शुरू हुआ नया सीजन, फराह और रितेश संभाल रहे हैं कमान
'लॉक अप: सच या सजा' का दूसरा सीजन 27 जून से शुरू हो चुका है. इस बार शो को फिल्ममेकर फराह खान और एक्टर रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं. दोनों ने पहले ही एपिसोड में 15 कंटेस्टेंट्स यानी 'इनमेट्स' को अलग-अलग टैग दिए और पहला टास्क भी पूरा कराया.
ये सेलेब्स हैं इस बार जेल के अंदर
इस सीजन में कई चर्चित टीवी और सोशल मीडिया सितारे शामिल हुए हैं. कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में सुनीता आहूजा, राम कपूर, शिवांगी जोशी, आकांक्षा चौधरी, हर्षद चोपड़ा, योगेश रावत, रियाज अली, धीरज धूपर, श्रेया कार्ला, आकांक्षा चमोला, श्रेष्ठा अय्यर और सूफी मोतीवाला जैसे नाम शामिल हैं. सभी कंटेस्टेंट्स बाहरी दुनिया से पूरी तरह कटे हुए हैं और उन्हें सीमित सुविधाओं के बीच मुश्किल टास्क पूरे करने पड़ रहे हैं.
6 हफ्तों तक चलेगा खेल, हर हफ्ते होंगे नए ट्विस्ट
शो का पूरा गेम छह हफ्तों तक चलेगा. इस दौरान कंटेस्टेंट्स को रोज नए टास्क, चार्जशीट, सजा, एलिमिनेशन का सामना करना होगा. 'लॉक अप: सच या सजा' को बालाजी टेलीफिल्म्स और कोलोसियम ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. 2022 में पहला सीजन ALTBalaji और MX Player पर स्ट्रीम हुआ था, जबकि इस बार शो 27 जून से Netflix पर स्ट्रीम हो रहा है. नए एपिसोड हर शनिवार से बुधवार रात 8 बजे रिलीज किए जा रहे हैं.