संजय कपूर विवाद में डॉ नीलम सिंह अरेस्ट
संजय कपूर विवाद में डॉ नीलम सिंह अरेस्ट
Why was Dr Neelam Singh arrested? दिवंगत कारोबारी संजय कपूर की वसीयत को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब एक नया मामला सामने आया है. दिल्ली पुलिस ने बुधवार को एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया, जिस पर कपूर परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगा है. यह मामला सामने आने के बाद पहले से चल रहा पारिवारिक विवाद और चर्चा में आ गया है.
परिवार की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मामले की शिकायत कपूर परिवार की ओर से वसंत कुंज थाने में दर्ज कराई गई थी. आरोप था कि सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट ऐसे किए गए, जिन्हें परिवार ने आपत्तिजनक माना. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और फिर डॉ. नीलम सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया. हालांकि गिरफ्तारी के कुछ घंटों बाद ही उन्हें जमानत मिल गई. वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए इस मामले को बेबुनियाद और गैरजरूरी बताया.
आखिर पोस्ट में क्या कहा गया था?
सामने आई जानकारी के मुताबिक, डॉ. नीलम सिंह ने एक पोस्ट में संजय कपूर की पत्नी को लेकर टिप्पणी की थी और वसीयत की सच्चाई पर सवाल उठाए थे. उन्होंने यह भी पूछा था कि कारोबारी की मौत के इतने करीब वसीयत तैयार करने की इतनी जल्दी आखिर क्यों थी. बाद में यह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दी गई.
कौन हैं गिरफ्तार किए गए डॉक्टर?
पुलिस की कार्रवाई में जिस शख्स का नाम सामने आया है, उसकी पहचान डॉ. नीलम सिंह के रूप में हुई है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वह खुद को 'द स्किन डॉक्टर' के नाम से पेश करते हैं. यूट्यूब पर अपने परिचय में वह खुद को सामाजिक मुद्दों पर बोलने वाले डर्मेटोलॉजिस्ट बताते हैं. वहीं इंस्टाग्राम प्रोफाइल में उन्होंने खुद को सामाजिक और राजनीतिक मामलों को समझने वाला त्वचा विशेषज्ञ बताया हुआ है.
30 हजार करोड़ की संपत्ति को लेकर बढ़ा विवाद
संजय कपूर की करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर परिवार के भीतर विवाद जारी है. मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है. सुनवाई के दौरान अदालत ने इस पूरे विवाद की तुलना महाभारत से करते हुए टिप्पणी की कि इसके सामने महाभारत भी छोटी लग सकती है.
हाल ही में अदालत ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया है, ताकि मृतक की मां रानी कपूर और प्रिया सचदेव कपूर के बीच चल रहे विवाद का समाधान निकाला जा सके. रानी कपूर ने अदालत में अपील कर परिवार ट्रस्ट के कामकाज में दखल रोकने की मांग भी की है.
वहीं ऑटो कंपोनेंट कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का 12 जून 2025 को लंदन में पोलो खेलते समय निधन हो गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी. जांच में हृदय से जुड़ी बीमारी को मौत की वजह बताया गया.
ये भी पढ़ें