TV Actress
TV Actress
टीवी की दुनिया में कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं जिन्हें दर्शक आदर्श बहू के किरदारों के लिए जानते हैं. लेकिन पर्दे पर संस्कारी और घरेलू दिखने वाली ये एक्ट्रेसेस असल जिंदगी में काफी पढ़ी-लिखी हैं और अपने दम पर करोड़ों की पहचान बना चुकी हैं. आइए जानते हैं टीवी की कुछ मशहूर बहुओं की एजुकेशनल क्वालिफिकेशन के बारे में.
इंजीनियर हैं 'नागिन' फेम तेजस्वी प्रकाश
तेजस्वी प्रकाश टीवी की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं. 'स्वरागिनी', 'कर्ण संगिनी' और 'नागिन 6' जैसे शोज से उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई. बहुत कम लोग जानते हैं कि तेजस्वी के पास इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की डिग्री है. एक्टिंग में आने से पहले उन्होंने तकनीकी शिक्षा हासिल की थी.
IAS की तैयारी कर रही थीं दिव्यांका त्रिपाठी
'ये है मोहब्बतें' की इशिता भल्ला के किरदार ने दिव्यांका त्रिपाठी को टीवी की सबसे पसंदीदा बहुओं में शामिल कर दिया. इसके अलावा वह 'बनूं मैं तेरी दुल्हन' जैसे सुपरहिट शो में भी नजर आ चुकी हैं. दिलचस्प बात यह है कि दिव्यांका कभी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थीं. हालांकि बाद में उनकी जिंदगी ने नया मोड़ लिया और उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में कदम रख दिया.
रोबोट बहू रिद्धिमा पंडित की पढ़ाई भी कमाल की
रिद्धिमा पंडित को सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'बहू हमारी रजनीकांत' से मिली, जहां उन्होंने रोबोट बहू का किरदार निभाया था. इस शो ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. पढ़ाई की बात करें तो रिद्धिमा के पास समाजशास्त्र में मास्टर डिग्री है. इसके साथ ही उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया है.
माइक्रोबायोलॉजी में ऑनर्स कर चुकी हैं त्रिधा चौधरी
त्रिधा चौधरी ने 'दहलीज' में स्वाधीनता के किरदार से दर्शकों का दिल जीता था. बाद में वे कई वेब सीरीज और टीवी प्रोजेक्ट्स में भी नजर आईं. उन्होंने कोलकाता के प्रतिष्ठित संस्थानों से पढ़ाई की है और स्कॉटिश चर्च कॉलेज, कोलकाता से माइक्रोबायोलॉजी में ऑनर्स की डिग्री हासिल की हुई हैं.
इंग्लिश लिटरेचर की स्टूडेंट रहीं सृति झा
सृति झा को 'कुमकुम भाग्य' की प्रज्ञा के रूप में सबसे ज्यादा पहचान मिली. इसके अलावा उन्होंने 'दिल से दी दुआ... सौभाग्यवती भव:' और 'बालिका वधू' जैसे शोज में भी काम किया है. सृति ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री वेंकटेश्वर कॉलेज से इंग्लिश लिटरेचर में बैचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की है.
होटल मैनेजमेंट ग्रेजुएट हैं रुपाली गांगुली
आज 'अनुपमा' के किरदार से लाखों लोगों के दिलों पर राज करने वाली रुपाली गांगुली को दर्शक एक साधारण गृहिणी के रूप में देखते हैं. लेकिन असल जिंदगी में उनकी पढ़ाई काफी शानदार रही है. मुंबई से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रुपाली ने होटल मैनेजमेंट में बैचलर डिग्री हासिल की. पर्दे पर भले ही वह कम पढ़ी-लिखी महिला का किरदार निभाती हों, लेकिन वास्तविक जीवन में वह बेहद शिक्षित हैं.
ये भी पढ़ें