विजय-रश्मिका की ग्रैंड वेडिंग
विजय-रश्मिका की ग्रैंड वेडिंग
साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Vijay Deverakonda और Rashmika Mandanna आज से अपनी शादी के समारोहों की शुरुआत करने जा रहे हैं. इस खास और निजी शादी के लिए दोनों ने Udaipur को चुना है, जो डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए दुनिया भर में मशहूर माना जाता है. कपल 23 फरवरी को अपने परिवार के साथ वेडिंग वेन्यू आईटीसी मोमेंटोस एकाया पहुंच चुके हैं. यहां 24 से 26 फरवरी तक अलग-अलग प्री-वेडिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 26 फरवरी को दोनों सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे.
शांत माहौल में चुना गया खास वेडिंग वेन्यू
अरावली की पहाड़ियों के बीच बना यह लग्जरी होटल शहर की भीड़ से करीब 25 किलोमीटर दूर शांत वातावरण में स्थित है. 106 एकड़ में फैले इस बड़े परिसर में 117 आलीशान कमरे और विला बने हुए हैं. इन कमरों में प्राइवेट बालकनी, गार्डन व्यू और कई सुईट्स में निजी स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं मौजूद हैं.
शादी को पूरी तरह निजी बनाए रखने के लिए पूरे इलाके को "नो फोन जोन" घोषित किया गया है. मेहमानों की संख्या भी लगभग 230 तक सीमित रखी गई है. होटल के 100 से ज्यादा विला मेहमानों के लिए बुक किए गए हैं, जहां सुरक्षा और गोपनीयता के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
शाही सुईट्स में ठहरेंगे खास मेहमान
इस शाही शादी के लिए होटल के सबसे प्रीमियम सुईट्स तैयार किए गए हैं. ग्रैंड प्रेसिडेंशियल सुईट अपने आप में एक छोटे निजी रिसॉर्ट जैसा अनुभव देता है. यहां 24 घंटे निजी शेफ और बटलर टीम मेहमानों की सेवा में लगी रहती है.
तीन बेडरूम वाले इस सुईट में कोरल और सफेद रंग की भव्य सजावट की गई है. इसमें वेलनेस और स्पा एरिया, बड़ा आयोजन हॉल और निजी स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. चूना-पत्थर से बने जकूजी बाथरूम के साथ इसका एक रात का किराया करीब दो लाख रुपये से शुरू होता है.
अरावली सुईट में निजी स्विमिंग पूल, हरा-भरा लॉन और बाथटब के साथ 24 घंटे बटलर सेवा दी जा रही है. वहीं 'स्मृति चिह्न सुईट' से अरावली पर्वतमाला का 360 डिग्री नजारा दिखाई देता है. 127 वर्गमीटर में बने इस सुईट में दो बेडरूम और एक लिविंग रूम है, जहां से सूर्योदय और सूर्यास्त का सुंदर दृश्य देखा जा सकता है. इसके अलावा प्रेसिडेंशियल सुईट में बड़े कमरे, कैनोपी बेड, निजी लॉन, स्विमिंग पूल और जकूजी बाथरूम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं.
भव्य कार्यक्रमों की खास है तैयारी
मेहंदी, संगीत और रिसेप्शन जैसे कार्यक्रमों के लिए पांच एकड़ में फैला ओपन गार्डन तैयार किया गया है. इसके साथ ही प्री-फंक्शन एरिया और बड़ा बॉल रूम भी सजाया गया है, जहां शादी के मुख्य कार्यक्रम होंगे.
फिल्मों से शुरू हुई थी दोनों की प्रेम कहानी
गौरतलब है कि विजय और रश्मिका ने पहली बार 2018 में रिलीज हुई फिल्म गीता गोविंदम और 2019 की फिल्म डियर कॉमरेड में साथ काम किया था. इसके बाद से लोगों को यह जोड़ी पसंद आने लगी और तभी से दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं होती रही हैं. अब यह जोड़ी अपने रिश्ते को नई पहचान देने जा रही है.
ये भी पढ़ें