Dombivli C A, All India 3rd Rank
Dombivli C A, All India 3rd Rank
मुंबई से सटे डोंबिवली शहर के लिए गर्व की खबर सामने आई है. डोंबिवली के कोपर क्षेत्र में रहने वाले 23 वर्षीय सोहन अनिल मांजरेकर ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फाइनल परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. हाल ही में घोषित हुए परीक्षा परिणामों में सोहन ने 78.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देश के शीर्ष विद्यार्थियों में जगह बनाई. इसके साथ ही वह महाराष्ट्र में पहले स्थान पर रहे.
सोहन की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा डोंबिवली और ठाणे जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है. परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया. सोहन अपने पिता अनिल मांजरेकर और बड़ी बहन शिवानी के साथ डोंबिवली में रहते हैं. उनकी माता श्वेता मांजरेकर का पांच वर्ष पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था. इस बड़ी सफलता के मौके पर परिवार को उनकी कमी भी महसूस हुई.
पहले भी हासिल कर चुके हैं ऑल इंडिया रैंक
सोहन ने बताया कि इससे पहले उन्होंने CA इंटरमीडिएट परीक्षा में ऑल इंडिया 6वीं रैंक हासिल की थी. इसी वजह से उन्हें इस बार भी शीर्ष 10 में स्थान मिलने की उम्मीद थी, लेकिन देशभर में तीसरी रैंक प्राप्त होगी, इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई की और अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा. उन्होंने मोबाइल और अन्य distractions से दूरी बनाकर पढ़ाई को प्राथमिकता दी.
परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
सोहन ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया. उनके पिता अनिल मांजरेकर मुंबई के माटुंगा स्थित एक पार्टनरशिप फर्म में अकाउंटेंट हैं, जबकि उनकी बहन शिवानी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में कार्यरत हैं. डॉन बॉस्को स्कूल, डोंबिवली के पूर्व छात्र सोहन ने दसवीं कक्षा में 91.8 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. उन्होंने मुलुंड स्थित जेके शाह क्लासेस से CA की तैयारी की. उनकी यह सफलता आज पूरे ठाणे जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.
रिपोर्टर: मिथिलेश गुप्ता
ये भी पढ़ें: