National Sports Awards 2025 Winners List
National Sports Awards 2025 Winners List
खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ उन्हें तैयार करने वाले कोचों के योगदान को सम्मान देने के लिए हर साल राष्ट्रीय खेल पुरस्कार दिए जाते हैं. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी है. इस बार अलग-अलग खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के अलावा कोच और खेलों को बढ़ावा देने वाली संस्था का नाम भी पुरस्कार के लिए चुना गया है.
इन पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों, कोच और संस्थाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. इस साल बड़ी संख्या में आवेदन मिले, जिन पर चयन समिति ने विचार किया. समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा ने की.
17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
खेल और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए कुल 17 खिलाड़ियों का चयन किया गया है. यह पुरस्कार पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन को ध्यान में रखकर दिया जाता है.
एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को चुना गया है. बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और पुसर्ला गायत्री गोपीचंद को अर्जुन पुरस्कार मिलेगा.
बॉक्सिंग में नरेंद्र, जबकि शतरंज में विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख का चयन हुआ है.
डेफ शूटिंग में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल को सम्मान मिलेगा. कबड्डी से सुरजीत और पूजा को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है.
पैरा-शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स में एकता भयान, रोइंग में अरविंद सिंह और शूटिंग में अखिल श्योराण को भी इस पुरस्कार के लिए चुना गया है.
लाइफटाइम अर्जुन पुरस्कार के लिए एक नाम
इस साल अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए फुटबॉल से जुड़े आई अरुमैनायागम का चयन हुआ है. यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने सक्रिय खेल करियर में योगदान देने के साथ संन्यास के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने का काम जारी रखा.
इन कोचों को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार
खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके कोचों की मेहनत भी बड़ी भूमिका निभाती है. इसी योगदान को सम्मान देने के लिए खेल और खेलों में उत्कृष्ट कोचिंग के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए भी नामों की घोषणा की गई है.
नियमित श्रेणी में तीन नाम
नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है. यह पुरस्कार लगातार शानदार और सराहनीय काम करने वाले उन कोचों को दिया जाता है, जिनकी मेहनत से खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया.
लाइफटाइम श्रेणी में दो कोच
लाइफटाइम श्रेणी में बॉक्सिंग के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है.
आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
खेलों को बढ़ावा देने में योगदान देने वाली संस्था को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 दिया जाएगा. इस पुरस्कार के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे का चयन किया गया है. यह पुरस्कार उन सार्वजनिक या निजी संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों के विकास और उन्हें बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो.
बड़ी संख्या में मिले थे आवेदन
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया रखी गई थी. खिलाड़ियों, कोचों और संस्थाओं को एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल के जरिए खुद आवेदन करने की अनुमति दी गई थी. मंत्रालय के मुताबिक, इस साल पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए. चयन समिति ने सभी आवेदनों पर विचार करने के बाद अलग-अलग श्रेणियों में नाम तय किए. समिति में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा के अलावा प्रतिष्ठित खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले लोग और खेल प्रशासक भी शामिल थे.
ये भी पढ़ें