Gudhal Flower Mask For Hair Care
Gudhal Flower Mask For Hair Care
आजकल लोग लंबे, घने और मजबूत बाल पाने के लिए लोग महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल्स कई बार बालों को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. ऐसे में घरेलू उपाय ज्यादा सुरक्षित और असरदार साबित होते हैं. खासतौर पर गुड़हल के फूल बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. इनमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं, झड़ने को कम करते हैं और बालों में नेचुरल चमक लाते हैं.
नए बाल उगाने में कारगर है गुड़हल मास्क
सूखे गुड़हल के फूल अमीनो एसिड से भरपूर होते हैं, जो बालों के लिए जरूरी प्रोटीन केराटिन पैदा करने में मदद करते हैं. यह बालों के स्कैल्प को एक्टिव कर नए बाल उगाने में सहायक होते हैं. इसके लिए एक कप नारियल तेल में कुछ सूखे गुड़हल के फूल मिलाकर पीस लें और पेस्ट तैयार करें. इस मास्क को हफ्ते में 2-3 बार लगाने से बालों की ग्रोथ में तेजी देखने को मिलती है.
बेजान बालों में लाएं नेचुरल शाइन
अगर आपके बाल बेजान और रूखे नजर आते हैं, तो गुड़हल का इस्तेमाल एक नेचुरल क्लींजर के रूप में किया जा सकता है. बाजार के शैंपू अक्सर बालों के नेचुरल तेल को खत्म कर देते हैं, जिससे बाल डल हो जाते हैं. इसके लिए सूखे गुड़हल के फूलों का पाउडर बनाकर उसमें बेसन और पानी मिलाएं और इस मिक्सचर को शैम्पू की तरह इस्तेमाल करें. इससे बाल साफ भी होंगे और उनमें नैचुरल चमक भी आएगी.
डैंड्रफ से राहत दिलाता है गुड़हल
रूसी और स्कैल्प की खुजली से परेशान लोगों के लिए भी गुड़हल बेहद फायदेमंद है. यह स्कैल्प के एक्स्ट्रा तेल को कंट्रोल करता है और उसे ठंडक पहुंचाता है. डैंड्रफ से राहत पाने के लिए गुड़हल के पाउडर में मेहंदी के पत्ते, एलोवेरा जेल और नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बनाएं. इस पेस्ट को हफ्ते में दो बार लगाने से स्कैल्प साफ और स्वस्थ बना रहता है.
बालों की लंबाई और मजबूती के लिए उपयोग
गुड़हल में मौजूद विटामिन C और अमीनो एसिड स्कैल्प में रक्त संचार को बेहतर बनाते हैं, जिससे बाल तेजी से बढ़ते हैं और कम टूटते हैं. इसके लिए आप घर पर ही हेयर ग्रोथ ऑयल तैयार कर सकते हैं. गुड़हल के फूलों को बादाम तेल में मिलाकर कुछ दिनों तक रखें और फिर नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करें.