scorecardresearch

गर्मी में भूलकर भी न करें ये गलती, बढ़ सकता है किडनी स्टोन का खतरा... डॉक्टर ने दी चेतावनी

तेज गर्मी और शरीर में पानी की कमी किडनी स्टोन बनने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है. इससे यूरिन गाढ़ा होने लगता है और उसमें मौजूद कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड जैसे तत्व जमा होकर क्रिस्टल बनाने लगते हैं. यही क्रिस्टल आगे चलकर किडनी स्टोन का रूप ले सकते हैं.

Does the Risk of Kidney Stones Increase During Summer Does the Risk of Kidney Stones Increase During Summer

गर्मी का मौसम आते ही लोगों को लू, डिहाइड्रेशन और पेट से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस मौसम में किडनी स्टोन यानी पथरी का खतरा भी काफी बढ़ जाता है? डॉक्टरों के मुताबिक, तेज गर्मी और शरीर में पानी की कमी किडनी स्टोन बनने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है. यही कारण है कि गर्मियों में अस्पतालों में पथरी के मरीजों की संख्या बढ़ने लगती है. इस बारे में विस्तार से जानने के लिए GNT ने बात की मैक्स हॉस्पिटल, साकेत के सीनियर कंसल्टेंट यूरोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट, रोबोटिक्स और यूरो-ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. रोहित कौशल से.

मैक्स हॉस्पिटल, साकेत के सीनियर कंसल्टेंट यूरोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट, रोबोटिक्स और यूरो-ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. रोहित कौशल के अनुसार, गर्मियों में शरीर से पसीने के रूप में काफी मात्रा में पानी बाहर निकल जाता है. यदि इस पानी की भरपाई नहीं की जाती, तो शरीर में डिहाइड्रेशन हो जाता है. इससे यूरिन गाढ़ा होने लगता है और उसमें मौजूद कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड जैसे तत्व जमा होकर क्रिस्टल बनाने लगते हैं. यही क्रिस्टल आगे चलकर किडनी स्टोन का रूप ले सकते हैं.

किन लोगों को ज्यादा रहता है खतरा?
जो लोग लंबे समय तक धूप में काम करते हैं, अधिक एक्सरसाइज करते हैं या गर्म वातावरण में रहते हैं, उनमें पथरी बनने की संभावना ज्यादा होती है. इसके अलावा जिन लोगों को पहले किडनी स्टोन हो चुका है, मोटापा है या मेटाबॉलिक समस्याएं हैं, उन्हें भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है.

खानपान की गलतियां भी बढ़ाती हैं जोखिम
गर्मियों में कई लोग पानी कम और कोल्ड ड्रिंक, एनर्जी ड्रिंक या मीठे पेय पदार्थ ज्यादा पीते हैं. इसके साथ ही नमकीन स्नैक्स और प्रोसेस्ड फूड का सेवन भी बढ़ जाता है. डॉक्टरों के अनुसार, ऐसी आदतें किडनी स्टोन बनने के खतरे को और बढ़ा सकती हैं. ये पेय पदार्थ पानी की कमी पूरी नहीं कर पाते और कुछ मामलों में पथरी बनने की प्रक्रिया को तेज कर सकते हैं.

किडनी स्टोन के लक्षण क्या हैं?
किडनी स्टोन होने पर कमर या पीठ के एक तरफ तेज दर्द महसूस हो सकता है. यह दर्द धीरे-धीरे पेट और ग्रोइन तक फैल सकता है. इसके अलावा पेशाब में जलन, पेशाब में खून आना, मतली, उल्टी और बार-बार पेशाब आने जैसी समस्याएं भी दिखाई दे सकती हैं. गंभीर मामलों में पथरी यूरिन के रास्ते को ब्लॉक कर सकती है, जिससे संक्रमण या किडनी को नुकसान होने का खतरा बढ़ जाता है.

ऐसे करें बचाव
डॉक्टर सलाह देते हैं कि गर्मियों में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना सबसे जरूरी है. दिनभर में इतना पानी जरूर पीएं कि कम से कम 2 से 2.5 लीटर यूरिन बन सके. नींबू पानी जैसे सिट्रस ड्रिंक भी फायदेमंद हो सकते हैं, क्योंकि इनमें मौजूद साइट्रेट पथरी बनने से रोकने में मदद करता है. इसके अलावा नमक का सेवन सीमित रखें, संतुलित आहार लें और बार-बार पथरी की समस्या होने पर डॉक्टर से जांच जरूर कराएं.

डॉ. रोहित कौशल का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच किडनी को स्वस्थ रखने का सबसे आसान तरीका पर्याप्त पानी पीना है. रोजाना कुछ अतिरिक्त गिलास पानी आपको दर्दनाक किडनी स्टोन से बचाने के साथ-साथ किडनी की सेहत को भी बेहतर बनाए रख सकता है.

ये भी पढ़ें: