scorecardresearch

Weight Loss Tips: रोटी-चावल छोड़ने से नहीं होगा वजन कम.. बस होगा समय बर्बाद, वेट लॉस के लिए अपनाएं ये टिप्स

अक्सर लोग वेट लॉस जर्नी के दौरान रोटी-चावल खाना बंद कर देते हैं, जो कि एक बहुत बड़ी गलती होती है. अगर सही से प्लानिंग की जाए तो वेट लॉस करना कोई रॉकेट साइंस नहीं.

Advertisement
Weight Loss Weight Loss

आज के समय में स्लिम और फिट दिखने की चाहत ने लोगों को तेजी से वजन घटाने के नए-नए तरीकों की ओर अट्रैक्ट कर रहे हैं. इंटरमिटेंट फास्टिंग, डिटॉक्स ड्रिंक्स और लो-कार्ब डाइट जैसे ट्रेंड्स काफी फेमस हो चुके हैं. इन सभी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि आखिर खाएं क्या और छोड़ें क्या? इसी कंफ्यूजन में कई लोग वजन घटाने के लिए रोटी और चावल जैसे आम भारतीय भोजन को पूरी तरह से अपनी डाइट से हटा देते हैं. उन्हें लगता है कि कार्बोहाइड्रेट से दूरी बनाकर ही वजन कम किया जा सकता है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि ऐसा करने के बाद भी कई बार वजन कम नहीं होता.

कार्बोहाइड्रेट छोड़ना एक मिथक
वजन घटाने से जुड़ी सबसे आम गलतफहमियों में से एक यह है कि रोटी और चावल खाने से वजन बढ़ता है. इसलिए लोग सबसे पहले इन्हें अपनी डाइट से हटाने का फैसला करते हैं. जबकि सच्चाई यह है कि कार्बोहाइड्रेट शरीर के लिए बेहद जरूरी है. यह हमारे शरीर को एनर्जी देने का काम करता है. अगर आप कार्ब्स पूरी तरह छोड़ देते हैं, तो शरीर को जरूरी एनर्जी नहीं मिलती, जिससे कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है. इसलिए यह मानना कि वजन घटाने के लिए कार्बोहाइड्रेट को पूरी तरह छोड़ना जरूरी है, एक मिथक है.

फैट लॉस का असली फॉर्मूला क्या है?
सिर्फ कुछ चीजें छोड़ देने से वजन कम नहीं होता, बल्कि इसके लिए सही प्लान अपनाना पड़ता है. फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार, फैट लॉस के लिए तीन मुख्य बातों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है, जो लंबे समय तक असरदार साबित होती हैं.

1. कैलोरी बैलेंस है जरूरी
वजन घटाने का सबसे अहम नियम है कैलोरी डेफिसिट. यानी आपको दिनभर में जितनी कैलोरी बर्न होती है, उससे कम कैलोरी का सेवन करना चाहिए. जब शरीर को कम कैलोरी मिलती है, तो वह स्टोर फैट को एनर्जी के रूप में इस्तेमाल करता है, जिससे वजन कम होने लगता है. इसलिए सिर्फ खाने की चीजों को हटाना नहीं, बल्कि उनकी मात्रा और कुल कैलोरी पर ध्यान देना जरूरी है.

2. प्रोटीन का सही संतुलन बनाए रखें
डाइट में प्रोटीन शामिल करना भी बेहद जरूरी है. प्रोटीन मसल्स को बनाए रखने में मदद करता है और वजन घटाने के दौरान मसल्स लॉस को रोकता है. इसके अलावा, प्रोटीन लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे ओवरईटिंग की संभावना कम हो जाती है. इसलिए अपनी डाइट में दाल, पनीर, अंडे या अन्य प्रोटीन सोर्स जरूर शामिल करें.

3. एक्टिव लाइफस्टाइल
सिर्फ डाइट ही नहीं, बल्कि आपकी रोज़मर्रा की एक्टिविटी भी फैट लॉस में अहम भूमिका निभाती हैं. एक्सरसाइज, वॉक और एक्टिव रहना वजन घटाने की प्रोसेस को तेज करता है. अगर आप दिनभर मूवमेंट करते हैं, तो शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है और फैट लॉस में मदद मिलती है.