केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जब भी संसद में बजट पेश करने आती हैं, तो सिर्फ उनके फैसले ही नहीं, बल्कि उनकी साड़ी भी चर्चा में आ जाती है. 1 फरवरी 2026 को वह लगातार 9वीं बार यूनियन बजट पेश करने जा रही हैं. ऐसा करने वाली वह देश की पहली महिला वित्त मंत्री हैं.
हर साल बजट के दिन उनकी साड़ी कोई न कोई संकेत देती है. यह सिर्फ पहनावा नहीं होती, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था, उम्मीदों और दिशा का प्रतीक बन जाती हैं. यही वजह है कि उनकी साड़ियां खामोश से बहुत कुछ कह जाती हैं .
गुलाबी मंगलागिरी साड़ी . यूनियन बजट 2019
अपने पहले बजट में निर्मला सीतारमण ने गुलाबी मंगलागिरी साड़ी पहनी थी. गुलाबी रंग को नई शुरुआत और सकारात्मक सोच का प्रतीक माना जाता है. साड़ी का सुनहरा बॉर्डर भारत की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता था. इसी बजट में उन्होंने ब्रीफकेस की जगह पारंपरिक 'बही-खाता' अपनाया, जो परंपरा और आधुनिक सोच के मेल का प्रतीक था.
नीले बॉर्डर के साथ पीली साड़ी . यूनियन बजट 2020
कोरोना महामारी के दौर में पेश किए गए इस बजट में पीली साड़ी उम्मीद और विकास का संकेत बनी. वहीं नीला बॉर्डर स्थिरता और भरोसे को दर्शा रहा था. मुश्किल समय में भी देश को आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास इस साड़ी के रंगों में साफ दिखा.
रंगीन पोचमपल्ली इकत साड़ी . यूनियन बजट 2021
तेलंगाना की पहचान मानी जाने वाली इस साड़ी में लाल, नारंगी और ऑफ-व्हाइट रंग थे. हरे बॉर्डर ने यह संदेश दिया कि महामारी के बीच भी देश की आर्थिक जड़ें मजबूत हैं और आगे बढ़ने की क्षमता बरकरार है.
गहरी भूरी बोमकाई साड़ी . यूनियन बजट 2022
इस बजट में निर्मला सीतारमण ने ओडिशा की पारंपरिक बोमकाई साड़ी पहनी. गहरा भूरा रंग स्थिरता, मेहनत और जमीनी हकीकत का प्रतीक माना गया. यह साड़ी ऐसे समय में पहनी गई, जब सरकार की प्राथमिकता अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देना थी.
लाल सिल्क साड़ी और टेंपल बॉर्डर . यूनियन बजट 2023
लाल रंग शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक है. टेंपल बॉर्डर ने भारतीय परंपरा और संस्कृति से जुड़ाव दिखाया. यह साड़ी उस बजट की पहचान बनी, जिसमें बुनियादी ढांचे और विकास पर खास जोर देखा गया.
सफेद मंगलागिरी साड़ी . यूनियन बजट 2024
सादगी और संतुलन की झलक देने वाली सफेद मंगलागिरी साड़ी ने साफ संदेश दिया कि सरकार पारदर्शिता और स्थिर विकास पर ध्यान दे रही है. यह साड़ी शांति और स्पष्ट दिशा का प्रतीक बनकर सामने आई.
सुनहरे बॉर्डर वाली सफेद साड़ी . यूनियन बजट 2025
इस बजट में पहनी गई सफेद साड़ी के सुनहरे बॉर्डर ने उम्मीद और मजबूती का संकेत दिया. सादगी के साथ आत्मविश्वास का मेल इस पहनावे में साफ दिखा, जो आर्थिक स्थिरता की ओर बढ़ते कदमों को दर्शाता है.