scorecardresearch

Taj Mahal: खुशखबरी! इस दिन ताजमहल में फ्री में मिलेगा प्रवेश... नहीं लेना होगा कोई टिकट

Free Entry to the Taj Mahal: पर्यटकों के लिए खुशखबरी है. ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर 28 मई को ताजमहल में सुबह तीन घंटे के लिए निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा. भारतीयों के 50 रुपए और विदेशियों के 1100 रुपए के टिकट शुल्क माफ रहेंगे.

Taj Mahal Taj Mahal

ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मौके पर उत्तर प्रदेश के आगरा में विश्व प्रसिद्ध ताज महल में पर्यटकों को बड़ी राहत दी गई है. 28 मई दिन गुरुवार को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक ताजमहल परिसर में भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना टिकट प्रवेश कर सकेंगे. इस बात की जानकारी ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षक सहायक कलंदर ने फोन पर दी.

प्रवेश शुल्क रहेगा माफ
अधीक्षण पुरातत्वविद् के आदेश के अनुसार इस दौरान भारतीय पर्यटकों से लिया जाने वाला 50 रुपए और विदेशी पर्यटकों से लिया जाने वाला 1100 रुपए का प्रवेश शुल्क पूरी तरह माफ रहेगा. हालांकि मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए 200 रुपए का अतिरिक्त टिकट पहले की तरह लागू रहेगा. प्रशासन ने साफ किया है कि यह छूट केवल स्मारक परिसर में प्रवेश के लिए है, जबकि मुख्य मकबरे के अंदर जाने के लिए अलग टिकट लेना होगा. 

कलंदर ने बताया है कि हर साल बकरीद पर व्यवस्था इसी तरह रहती है. बकरीद के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी. साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग लाइन व्यवस्था भी बनाई जाएगी. बकरीद पर सुबह 10 बजे के बाद प्रवेश सामान्य नियमों के अनुसार ही रहेगा. वहीं तीन घंटे की इस विशेष छूट के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.

उर्स के दौरान भी निशुल्क प्रवेश
गौरतलब है कि ताजमहल में उर्स के दौरान भी तीन दिन तक निशुल्क प्रवेश दिया जाता है. इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी वुमेन्स डे पर भी पर्यटकों को फ्री एंट्री की सुविधा मिल चुकी है. ऐसे खास मौकों पर ताजमहल में भारी भीड़ उमड़ती है और प्रशासन को अतिरिक्त व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं. 

(अरविंद शर्मा की रिपोर्ट)