scorecardresearch

Rishikesh Brave Rescue: ऋषिकेश में देवदूत बने दो राफ्टिंग गाइड, गंगा की जानलेवा धाराओं में डूब रहे दोस्तों को मौत के मुंह से निकाला!

ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला के पास गंगा की तेज धाराओं में बह रहे दो युवकों की जान राफ्टिंग गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान ने बचाई. दोनों ने थ्रो बैग तकनीक, सूझबूझ और टीम वर्क से सफल रेस्क्यू किया. स्थानीय लोगों ने गाइडों की बहादुरी की जमकर सराहना की.

Rishikesh rafting guide rescue Rishikesh rafting guide rescue

ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला पुल के समीप गंगा की तेज धाराओं में बह रहे दो युवकों के लिए राफ्टिंग गाइड किसी देवदूत से कम साबित नहीं हुए. पैरामाउंट टूर के राफ्टिंग गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान ने साहस, समझदारी और टीम वर्क का परिचय देते हुए समय रहते दोनों युवकों का रेस्क्यू कर उनकी जान बचा ली. घटना के बाद इलाके में दोनों गाइडों की बहादुरी की खूब सराहना हो रही है.

राफ्टिंग के दौरान दिखे बहते युवक
यह घटना रविवार शाम करीब पांच बजे लक्ष्मणझूला पुल के नीचे स्थित हिल्टन रैपिड के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, पैरामाउंट टूर कैलासगेट मुनि की रेती के गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान पर्यटकों को रिवर राफ्टिंग करा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर गंगा की तेज धाराओं में बहते दो युवकों पर पड़ी.

स्थिति बेहद गंभीर थी, क्योंकि नदी का बहाव काफी तेज था और दोनों युवक खुद को संभाल नहीं पा रहे थे. एक युवक तो पानी में डूबता और ऊपर आता दिखाई दे रहा था, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई थी.

थ्रो बैग की मदद से शुरू किया रेस्क्यू
गाइड अंकित चौहान ने बताया कि शुरुआत में उन्हें सिर्फ एक युवक का सिर दिखाई दे रहा था. तेज बहाव और गहराई की वजह से दूसरे युवक का पता लगाना बेहद मुश्किल हो रहा था. ऐसे हालात में दोनों गाइडों ने बिना देर किए थ्रो बैग तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बचाव अभियान शुरू किया.

काफी देर तक चले प्रयास, अनुभव और आपसी तालमेल के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद उन्हें राफ्ट में बैठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया.

दोस्त को बचाने में खुद भी फंस गया युवक
जान बचने के बाद दोनों युवक काफी डरे और सहमे हुए नजर आए. बचाए गए युवकों में शामिल रोशन, जो लक्ष्मणझूला क्षेत्र का रहने वाला है, ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ गंगा में स्नान करने गया था. इसी दौरान उसका दोस्त तेज बहाव में बहने लगा.

रोशन ने अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद भी गंगा की तेज धाराओं में फंस गया और दोनों बहने लगे. उसने कहा कि अगर समय रहते राफ्टिंग गाइड मौके पर नहीं पहुंचते, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

पहले भी कई लोगों की जान बचा चुके हैं गाइड
गंगा नदी रिवर राफ्टिंग के पूर्व अध्यक्ष दिनेश भट्ट ने बताया कि गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान पहले भी कई बार डूबते पर्यटकों और स्थानीय लोगों की जान बचा चुके हैं. उनका कहना है कि ऐसे बहादुर और प्रशिक्षित गाइडों को शासन-प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिल सके.

खतरनाक है हिल्टन रैपिड का इलाका
गाइड प्रीतम चौहान और अंकित चौहान के मुताबिक, हिल्टन रैपिड क्षेत्र में गंगा का बहाव बेहद खतरनाक रहता है. इस बार भी एक युवक पूरी तरह पानी के अंदर चला गया था, जिससे उसे तलाशना बड़ी चुनौती बन गया था. हालांकि, अनुभव, टीम वर्क और सही तकनीक की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया.

(रिपोर्ट- पंकज भट्ट)
 

ये भी पढ़ें