scorecardresearch

शादी के जोड़े में इंटरव्यू देने पहुंची दुल्हन, साथ में था दूल्हा, जानें अनोखी लव स्टोरी

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक अनोखी शादी की चर्चा है. शादी के तुरंत बाद दूल्हे के साथ दुल्हन इंटरव्यू के लिए पहुंची. इस दौरान दुल्हन शादी के लाल जोड़े में थी. इंटरव्यू देने के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची. लेकिन इलाके में इस शादी की खूब चर्चा हो रही है.

Agra News Agra News

उत्तर प्रदेश के आगरा में शादी के बाद विदाई का एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को चौंका दिया. दुल्हन को ससुराल ले जाने के बजाय दूल्हा उसे सरकारी नौकरी के इंटरव्यू के लिए सीधे विकास भवन ले गया. खास बात यह रही कि दुल्हन ने शादी के जोड़े में ही इंटरव्यू दिया.

प्यार में बदली साइबर कैफे वाली मुलाकात-
आगरा के लादूखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र का यह मामला चर्चा में है. यहां ब्लॉक मुख्यालय के रहने वाले मनोज कुशवाहा साइबर कैफे चलाते हैं. करीब तीन महीने पहले अनीशा कुशवाहा किसी काम से उनके साइबर कैफे पर पहुंची थीं. अनीशा पास के ही गांव की रहने वाली हैं. बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे.

परिवारों से बात हुई तो घरवालों ने भी रिश्ते को मंजूरी दे दी. 21 फरवरी को मनोज और अनिशा की शादी तय हुई और धूमधाम से विवाह संपन्न हुआ.

शादी के तुरंत बाद इंटरव्यू का दिन-
इसी बीच एक दिलचस्प मोड़ आया. शादी से एक दिन पहले अनिशा को पता चला कि रविवार को विकास विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए उसका इंटरव्यू निर्धारित है. उसने शादी से पहले ही इस भर्ती के लिए आवेदन कर रखा था.

दुल्हन बनी अनीशा ने यह बात मनोज को बताई. सवाल था कि शादी के तुरंत बाद गांव से शहर कैसे पहुंचा जाएगा? पहले तो अनीशा ने सोचा कि इंटरव्यू छोड़ दिया जाए, लेकिन मनोज ने साफ कहा कि इंटरव्यू नहीं छूटेगा, हम रास्ता निकालेंगे.

शादी के जोड़े में दुल्हन का इंटरव्यू-
शादी की रस्में जल्द पूरी कराई गईं. मनोज ने परिजनों को पूरी बात बताई. दोनों परिवारों ने भी खुशी-खुशी सहमति दी कि दुल्हन को पहले इंटरव्यू दिलाया जाएगा.

इसके बाद विदाई की रस्म पूरी होते ही मनोज अपनी दुल्हन को लेकर ससुराल जाने के बजाय सीधे आगरा जिला मुख्यालय विकास भवन पहुंच गया. वहां अनीशा ने शादी के जोड़े में ही इंटरव्यू दिया.

इंटरव्यू के बाद ससुराल पहुंची दुल्हन-
मनोज ने बताया कि वह चाहता है कि उसकी पत्नी अपने पैरों पर खड़ी हो. उसने जो सपने देखे हैं, उन्हें पूरा करने में वह हर कदम पर उसका साथ देगा. इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अनीशा अपने पति के साथ ससुराल रवाना हुई.

आगरा की यह कहानी सिर्फ एक शादी की नहीं, बल्कि बदलती सोच और सपनों को प्राथमिकता देने वाले रिश्ते की मिसाल बन गई है. यहां विदाई से पहले करियर को तवज्जो दी गई और यही इस कहानी को खास बनाता है.

(अरविंद शर्मा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: