scorecardresearch

AI इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर भड़के हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, कहा- देश को अपमानित करना कांग्रेस के DNA में

दिल्ली के भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और राहुल गांधी के इशारे पर, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में चल रहे AI समिट में ऐसा किया. उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस DNA में है, देश को अलग-अलग स्थानों पर शर्मिंदा करना.

CM Nayab Singh Saini (Photo/X) CM Nayab Singh Saini (Photo/X)

दिल्ली में प्रगति मैदान के भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट चल रहा है. इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर कैंपस में प्रवेश किया. कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट खोलकर नारेबाजी की. इसको लेकर देश की सियासत गरमा गई है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अलग-अलग जगहों पर देश को शर्मिंदा करती है.

हरियाणा CM के निशाने पर कांग्रेस-
भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के हंगामे को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि इनके(कांग्रेस) DNA में है, देश को अलग-अलग स्थानों पर शर्मिंदा करना, देश को अपमानित करना, कांग्रेस ऐसा यहां तो करती रहती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करती है. 

यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण- सीएम सैनी
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और राहुल गांधी के इशारे पर, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में चल रहे AI समिट में ऐसा किया. उस समिट में पूरे विश्व के प्रबुद्धजन आ रहे हैं, उसका हिस्सा बन रहे हैं. समिट के अंदर उन्होंने जिस प्रकार का कृत्य किया है, इसकी जितनी निंदा की जाए, वो कम है. 

उन्होंने कहा कि मुझे पता चला है कि कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. देश का जब सम्मान बढ़ रहा है, गौरव बढ़ रहा है, उस समय जिस प्रकार की हरकत की गई है, वो दुर्भाग्यपूर्ण है. 

ये अपमानित करके माफी नहीं मांगते- सीएम सैनी
सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी देश की संवैधानिक संस्थाओं को अपमानित करके माफी नहीं मांगी. लेकिन आज देश देख रहा है कि ऐसे लोगों को जो देश को हर मोर्च पर अपमानित करने का काम करते हैं, इन्होंने कोई जगह नहीं छोड़ी है. सीएम सैनी ने कहा कि हमारे बहादुर सैनिक अगर एयर स्ट्राइक करते हैं तो ये राहुल उठकर उसका हिसाब मांगते हैं कि वो किए हैं या नहीं किए हैं. हमारे बहादुर सैनिक सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं तो उसका हिसाब मांगते हैं. ये दुनिया के अंदर भारत को किस प्रकार से नीचा दिखाने का काम कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी कर रहे हैं?

सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए. जिससे उनको सबक लगे कि अगर देश का कहीं अपमान हो रहा है तो ये देश के 140 करोड़ देशवासियों का अपमान है.

ये भी पढ़ें: