बाइक सवार पर तानी पिस्टल
बाइक सवार पर तानी पिस्टल
राजधानी भोपाल में सड़क पर मामूली विवाद अब हथियारों के प्रदर्शन तक पहुंचने लगे हैं. पिपलानी थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान पिस्टल निकालने का मामला सामने आने के बाद अब टीटी नगर थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट के पास भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है. यहां कार और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी में कार चालक ने बाइक सवार पर पिस्टल तान दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है.
खुली सड़क, भीड़-भाड़ में तानी पिस्टल
जानकारी के मुताबिक, न्यू मार्केट के पास कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई थी. टक्कर लगने से नाराज बाइक सवार ने गुस्से में कार पर हाथ मार दिया. यह बात कार चालक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आपा खो दिया.
कार से पिस्टल निकालकर बाइक सवार की ओर तान दी और उसे धमकाने लगा. अचानक हथियार निकलने से मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई. सड़क पर हुए इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
क्या कहना है पुलिस का?
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि न्यू मार्केट के पास कार और बाइक चालक के बीच टक्कर को लेकर विवाद हुआ था. इस दौरान कार चालक ने बाइक सवार पर पिस्टल तान दी. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर ली है. उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस मामले में वैधानिक धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है.
राजधानी में सड़क पर मामूली टक्कर और कहासुनी के बाद पिस्टल निकालने की इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक सुरक्षा और हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे में आम लोगों के लिए सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने पर सवाल खड़े हो रहे हैं.